Bihar News: भागलपुर को मिला नया आयुक्त, प्रेम सिंह मीणा ने संभाली कमान, ट्रैफिक सुधार को बताया पहली प्राथमिकता

Bihar News: वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रेम सिंह मीणा ने प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है।.....

Pramod Singh Meena Takes Charge as Bhagalpur Commissioner
प्रेम सिंह मीणा ने संभाली कमान- फोटो : reporter

Bihar News: प्रमंडल को आज नया प्रशासनिक नेतृत्व मिल गया है। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रेम सिंह मीणा ने प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालने से पहले उन्हें सर्किट हाउस में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद उन्होंने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया।

यह उनके लिए कोई नया कार्यक्षेत्र नहीं है, क्योंकि वे इससे पहले भी भागलपुर में जिलाधिकारी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। अब तीसरी बार वे इस क्षेत्र से जुड़े हैं, लेकिन इस बार प्रमंडलीय आयुक्त की जिम्मेदारी के साथ।पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने साफ कर दिया कि उनकी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर ट्रैफिक व्यवस्था और जाम की समस्या का समाधान रहेगा। उन्होंने कहा कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ती यातायात समस्या को देखते हुए ठोस रणनीति बनाई जाएगी।

उन्होंने विशेष रूप से विक्रमशिला सेतु का जिक्र करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव और कनेक्टिविटी की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। उनका कहना था कि सरकार का लक्ष्य है कि बिहार के किसी भी हिस्से से राजधानी पटना तक यात्रा लगभग 5 घंटे में संभव हो सके।

प्रेम सिंह मीणा ने कहा कि भागलपुर और बांका दोनों जिले विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और जिला प्रशासन सक्षम है। ऐसे में समन्वय बनाकर विकास कार्यों को गति दी जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि राजस्व विभाग में हाल के दिनों में कार्य प्रभावित हुआ था, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो चुकी है और लंबित मामलों को तेजी से निपटाया जाएगा।प्रेम सिंह मीणा ने मीडिया, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही भागलपुर प्रमंडल को विकास के नए स्तर पर पहुंचाया जा सकता है। नए आयुक्त की नियुक्ति के बाद अब देखना होगा कि जाम, कनेक्टिविटी और प्रशासनिक कार्यों में कितना सुधार आता है और विकास कार्य किस गति से आगे बढ़ते हैं।

रिपोर्ट - अंजनी कुमार कश्यप