Railway Ticketless Passenger: रेल में बेटिकट यात्रा करना पड़ेगा भारी, बदल गया नियम, जुर्माना की इतनी बढ़ी राशि, महिला आरक्षित कोच में प्रवेश पर नप जाएंगे आप
Railway Ticketless Passenger: भारतीय रेलवे ने अब नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त तेवर अपना लिया है.....
Railway Ticketless Passenger: भारतीय रेलवे ने अब नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त तेवर अख्तियार कर लिए हैं। बेटिकट यात्रा, गलत टिकट पर सफर, महिला कोच में अवैध प्रवेश, नशे में हंगामा और खतरनाक सामान ले जाने जैसी गतिविधियों पर अब पहले से कहीं ज्यादा कड़ी कार्रवाई होगी। भागलपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को चले विशेष टिकट जांच अभियान ने साफ संकेत दे दिया कि रेलवे अब नियमों के उल्लंघन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।
भागलपुर के मुख्य वाणिज्य निरीक्षक (सीएमआई) फुल कुमार शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए सघन अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। जांच के दौरान 52 बेटिकट यात्रियों को पकड़ा गया और उनसे कुल 42 हजार रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
नए प्रावधानों के तहत अब बिना टिकट यात्रा करते या प्लेटफॉर्म पर बिना वैध टिकट घूमते पकड़े जाने पर न्यूनतम 500 रुपये का जुर्माना देना होगा। पहले यह राशि 250 रुपये थी, लेकिन अब इसे दोगुना कर दिया गया है। इतना ही नहीं, स्लीपर टिकट पर एसी कोच में सफर करने या गलत श्रेणी के टिकट का इस्तेमाल करने वालों को भी कम से कम 500 रुपये अतिरिक्त पेनल्टी चुकानी पड़ेगी।
रेलवे ने टिकटों की कालाबाजारी और फर्जी इस्तेमाल पर भी शिकंजा कस दिया है। यदि कोई यात्री दूसरे व्यक्ति के नाम पर जारी टिकट पर यात्रा करता हुआ पाया गया, तो उसका टिकट जब्त कर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।यात्रियों की सुरक्षा और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अन्य नियमों को भी सख्त बना दिया है। ट्रेन या स्टेशन परिसर में धूम्रपान करने पर 2,000 रुपये, नशे की हालत में उपद्रव करने पर 1,000 रुपये और महिला आरक्षित कोच में अनधिकृत प्रवेश करने पर 2,500 रुपये का जुर्माना लगेगा।
सबसे कड़ी कार्रवाई ज्वलनशील, विस्फोटक या अन्य खतरनाक सामान ले जाने वालों पर होगी। ऐसे मामलों में 10,000 रुपये तक का जुर्माना और कानूनी कार्रवाई दोनों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं रेलवे परिसर में अवैध फेरी लगाने या भीख मांगते पकड़े जाने पर भी 2,000 रुपये का भारी जुर्माना तय किया गया है।
रेलवे का स्पष्ट संदेश हैअब सफर नियमों के मुताबिक कीजिए, क्योंकि लापरवाही, मनमानी और नियमों की अनदेखी जेब पर भारी पड़ सकती है। यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे ने निगरानी और कार्रवाई दोनों को और अधिक धारदार बना दिया है।