पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र का सांसद अजय मंडल पर तीखा हमला, कहा— "अपना फायदा नहीं मिलने पर पीट रहे घोटाले का ढिंढोरा"

पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र का सांसद अजय मंडल
मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र का सांसद अजय मंडल पर तीखा हमला- फोटो : बाल मुकुंद कुमार

Bhagalpur : भागलपुर की राजनीति में एनडीए के दो वरिष्ठ नेताओं के बीच जुबानी जंग अब सड़क पर आ गई है। बिहार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर से भाजपा विधायक इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने खरीक के काजी कोरैया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भागलपुर के जदयू सांसद अजय मंडल के खिलाफ बेहद तल्ख तेवर अपनाए और उनपर जमकर हमला बोला।


जात-पात की राजनीति पर कड़ा प्रहार और वोटों पर सवाल

मंत्री शैलेंद्र ने चुनाव में एक उम्मीदवार को मिले 61 हजार वोटों पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति कभी क्षेत्र में जनता के बीच नहीं घूमा और किसी के सुख-दुख में शामिल नहीं हुआ, उसे इतने वोट मिलना चिंताजनक है। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि यदि काम करने वाले और न करने वाले दोनों को बराबर प्रतिफल मिलेगा, तो लोगों का भगवान से भी विश्वास उठ जाएगा, इसलिए अब जात-पात की राजनीति बंद होनी चाहिए।


कटाव रोधी और विकास कार्यों को लेकर आलोचकों को जवाब

क्षेत्र में जारी कटाव और निर्माण कार्यों पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए मंत्री ने स्पष्ट किया कि जो काम करेगा, उसी से त्रुटियां या चुनौतियां जुड़ी मिलेंगी, जबकि घर बैठे रहने वालों को कुछ नजर नहीं आता। उन्होंने भरोसा दिलाया कि काजी कोरैया में बांध को बचाने के लिए पहले शीट पाइलिंग कराई जाएगी और उसके बाद आरसीसी की पक्की दीवार बनाई जाएगी ताकि तटबंध पूरी तरह सुरक्षित रहे।


अपनी ही सरकार की छवि धूमिल करने और 'कट' नहीं मिलने का आरोप

मंत्री शैलेंद्र ने सांसद अजय मंडल पर अपनी ही एनडीए सरकार की छवि धूमिल करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिस गठबंधन ने उन्हें तीन बार विधायक और दो बार सांसद बनाया, वे आज उसी सरकार का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेली ब्रिज व अन्य विकास कार्यों पर सवाल उठाने वाले सांसद को विभागीय स्तर पर बात करनी चाहिए थी, न कि मीडिया और सोशल मीडिया पर बयानबाजी करनी चाहिए थी। उन्होंने तंज कसते हुए आरोप लगाया कि अपना निजी फायदा या 'कट' नहीं मिलने के कारण ही वे घोटाले का ढिंढोरा पीट रहे हैं।


जनता को दलालों से सतर्क रहने की अपील और खुली चेतावनी

जनता को संबोधित करते हुए मंत्री ने आह्वान किया कि चुनाव के समय जात-पात के नाम पर लोग आते हैं लेकिन संकट में गायब रहते हैं, और क्षेत्र के कुछ दलाल ऐसे नेताओं के आगे-पीछे घूमकर जनता को गुमराह करते हैं। 


बालमुकुंद की रिपोर्ट