Bihar News : भागलपुर में पैसेंजर ट्रेन से भारी मात्रा में विदेशी शराब RPF की टीम ने किया बरामद, मौके से फरार हुए तस्कर
Bihar News : साहिबगंज–जमालपुर पैसेंजर ट्रेन से आरपीएफ ने लावारिस बैग से भारी मात्रा में शराब बरामद किया है. हालाँकि तस्कर मौके से फरार हो गए.........पढ़िए आगे
BHAGALPUR : मालदा मंडल के रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भागलपुर स्टेशन पर बड़ी सफलता मिली है। सोमवार शाम साहिबगंज–जमालपुर पैसेंजर ट्रेन से आरपीएफ ने लावारिस हालत में रखे दो बैगों से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। यह कार्रवाई मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीम कुमार कुल्लू के पर्यवेक्षण में आरपीएफ पोस्ट भागलपुर द्वारा ट्रेनों और स्टेशनों पर अवैध वस्तुओं के परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे निरंतर निगरानी अभियान का हिस्सा है।
घटना 23 मार्च 2026 की शाम करीब 06:03 बजे की है, जब ट्रेन संख्या 53415 साहिबगंज–जमालपुर पैसेंजर भागलपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 05 पर पहुंची। रूटीन चेकिंग के दौरान आरपीएफ कर्मियों की नजर फुट ओवर ब्रिज (FOB) के नीचे संदिग्ध स्थिति में रखे दो बड़े ट्रॉली बैगों पर पड़ी। काफी देर तक इंतजार और आसपास के यात्रियों से पूछताछ के बाद भी जब किसी ने उन बैगों पर अपना दावा पेश नहीं किया, तो सुरक्षा बलों ने उन्हें कब्जे में ले लिया।
सघन तलाशी के दौरान दोनों ट्रॉली बैगों से कुल 176 बोतल अवैध शराब बरामद की गई। जब्त की गई प्रत्येक बोतल 180 मि.ली. की है, जिसकी कुल अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹40,480 आंकी गई है। आशंका जताई जा रही है कि तस्कर पुलिस की सक्रियता देख बैग छोड़कर फरार हो गए। आरपीएफ ने बरामद शराब को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग, भागलपुर को सुपुर्द कर दिया है।
यह सफल कार्रवाई मालदा मंडल के आरपीएफ की सजगता और सक्रियता को दर्शाती है। रेल अधिकारियों के अनुसार, ट्रेनों में अवैध शराब और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए विशेष दस्तों को तैनात किया गया है। स्टेशन परिसर और ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है ताकि यात्रियों के लिए एक सुरक्षित और अपराध मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
आरपीएफ ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे अपनी यात्रा के दौरान सतर्क रहें। यदि उन्हें प्लेटफॉर्म या ट्रेन में कोई भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे, तो तत्काल इसकी सूचना निकटतम रेलवे कर्मचारी या आरपीएफ हेल्पलाइन पर दें। फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि बैग छोड़कर भागने वाले तस्करों की पहचान की जा सके और उनके नेटवर्क का खुलासा हो सके।
बालमुकुन्द की रिपोर्ट