Bihar News : भागलपुर में ग्रामीणों ने की 'घर वापसी', गंगा स्नान और विधि-विधान के साथ फिर से अपनाया सनातन धर्म, मिशनरी संस्थाओं पर लगाया प्रलोभन देने का आरोप

Bihar News : भागलपुर में बुलचन साह और अजय साह ने गंगा में स्नान करने के पश्चात संत शिरोमणि रविदास जी के पवित्र कलश के समक्ष पूरे विधि-विधान के साथ पुनः अपनी पारंपरिक आस्था को स्वीकार किया.....पढ़िए आगे

Bihar News : भागलपुर में ग्रामीणों ने की 'घर वापसी', गंगा स्
ग्रामीणों की घर वापसी - फोटो : BALMUKUND

BHAGALPUR : जिले के नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र में धर्मांतरण को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच तीनटंगा करारी गांव में दो ग्रामीणों के सनातन धर्म में ‘घर वापसी’ का मामला सामने आया है। गांव के रहने वाले बुलचन साह और अजय साह ने गंगा स्नान करने के बाद संत शिरोमणि रविदास जी के पवित्र कलश के समक्ष विधि-विधान से पुनः सनातन धर्म अपनाने का निर्णय लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। बताया गया कि दोनों ग्रामीण पूर्व में ईसाई धर्म से जुड़ गए थे। बाद में अपनी पारंपरिक मान्यताओं, पूर्वजों की परंपराओं और सामाजिक-सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने की इच्छा के बाद उन्होंने स्वेच्छा से सनातन धर्म में लौटने का फैसला किया। ग्रामीणों की मौजूदगी में धार्मिक अनुष्ठान के साथ दोनों की ‘घर वापसी’ कराई गई।

प्रलोभन देकर धर्मांतरण का ग्रामीणों ने लगाया आरोप

इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में सक्रिय कुछ मिशनरी संस्थाओं पर गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि गरीब और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहायता, मुफ्त इलाज और अन्य सुविधाओं का प्रलोभन देकर प्रभावित करने का प्रयास किया जाता है। कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि हिंदू देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक बातें कहकर लोगों की धार्मिक भावनाओं को प्रभावित करने की कोशिश की जाती है। हालांकि, मिशनरी संस्थाओं की ओर से इन आरोपों पर कोई पक्ष सामने नहीं आया है और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

अपनी जड़ों से जुड़ना चाहते हैं

घर वापसी के बाद दोनों ग्रामीणों ने अपनी पुरानी परंपराओं और संस्कारों से दोबारा जुड़ने की बात कही। उनका कहना था कि उन्होंने अपनी इच्छा से सनातन धर्म में लौटने का निर्णय लिया है। कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने कहा कि लोगों को किसी भी प्रकार के दबाव या प्रलोभन के बजाय अपनी आस्था और धर्म के संबंध में स्वतंत्र निर्णय लेने का अधिकार है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में धर्मांतरण के किसी भी प्रयास के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने तथा जरूरत पड़ने पर प्रशासन को इसकी जानकारी देने की बात कही।

ग्रामीणों ने किया स्वागत

सनातन धर्म में वापसी के बाद ग्रामीणों ने बुलचन साह और अजय साह का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अपनी संस्कृति, परंपरा और धार्मिक विरासत के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में यदि जबरन, धोखे या प्रलोभन के माध्यम से धर्मांतरण का कोई प्रयास होता है तो इसकी शिकायत संबंधित प्रशासन से की जाएगी।

बालमुकुन्द की रिपोर्ट