सावन की दूसरी सोमवारी पर अजगैबीनाथ धाम में आस्था का महासैलाब, 105 KM के कांवरिया पथ पर गूंजा हर हर महादेव

Bihar News: भागलपुर के सुल्तानगंज में सावन की दूसरी सोमवारी पर आस्था का ऐसा महासैलाब उमड़ा कि गंगा घाट से लेकर कांवरिया पथ तक हर तरफ भगवा रंग नजर आया।...

Sawan 2nd Monday Massive Devotee Rush at Ajgaibinath Dham
अजगैबीनाथ धाम में उमड़ा आस्था का महासैलाब- फोटो : reporter

Bhagalpur: सावन की दूसरी सोमवारी पर सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। उत्तरवाहिनी गंगा के घाटों से लेकर 105 किलोमीटर लंबे कांवरिया पथ तक हर तरफ भगवा रंग नजर आया। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान कर पवित्र जल भरा और बाबा बैद्यनाथ के जलाभिषेक के लिए देवघर की ओर प्रस्थान किया। इस दौरान पूरा सुल्तानगंज हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा।श्रावणी मेला शुरू होने के बाद अब तक 22 लाख से अधिक कांवरिया सुल्तानगंज से देवघर के लिए रवाना हो चुके हैं। दूसरी सोमवारी से एक दिन पहले रविवार को भी करीब एक लाख डाक बम श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए। सोमवार को भी सुबह से कांवरियों के जत्थे लगातार देवघर की ओर बढ़ते रहे।

गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

सुबह होते ही सुल्तानगंज के विभिन्न गंगा घाट श्रद्धालुओं से पट गए। कांवरियों ने उत्तरवाहिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और कांवर में गंगाजल भरकर बाबा बैद्यनाथ के जलाभिषेक का संकल्प लिया। इसके बाद श्रद्धालु 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा पर निकल पड़े। कांवरिया पथ पर नंगे पैर चलने वाले श्रद्धालुओं के साथ डाक बम भी अपनी रफ्तार में आगे बढ़ते नजर आए।उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने कहा कि यात्रा में शारीरिक कठिनाई जरूर होती है, लेकिन बाबा भोलेनाथ के प्रति आस्था के कारण थकान का एहसास नहीं होता। श्रद्धालुओं का कहना था कि बाबा का जलाभिषेक करने की इच्छा ही उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

अजगैबीनाथ धाम में भी दर्शन को उमड़ी भीड़

जो श्रद्धालु देवघर की यात्रा पर नहीं जा रहे हैं, उन्होंने सुल्तानगंज में ही उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान कर अजगैबीनाथ धाम में पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। गंगा घाट से लेकर मंदिर तक पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।

व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और सुविधा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। गंगा घाटों से लेकर कांवरिया पथ तक पुलिस बल की तैनाती के साथ साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर लगातार नजर रखी जा रही है।सावन की दूसरी सोमवारी पर सुल्तानगंज में उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर बाबा बैद्यनाथ के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को प्रदर्शित किया। गंगा की लहरों से लेकर कांवरिया पथ तक हर ओर भगवा ध्वज और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष का नजारा देखने को मिला।

रिपोर्ट-अंजनी कुमार कश्यप