Bihar Road Accident: बिहार में रफ्तार का कहर, तेज बस ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंदा, मौके पर मचा कोहराम
Bihar Road Accident:तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।...
Bihar Road Accident:भागलपुर के बाइपास थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही बाइपास थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद इलाके में मातम पसर गया।
मृतकों की पहचान 18 वर्षीय आशुतोष कुमार, 18 वर्षीय सावन कुमार और 17 वर्षीय अंशु कुमार यादव के रूप में हुई है। तीनों भागलपुर के अलीगंज-बबरगंज इलाके के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि तीनों युवक शनिवार शाम करीब 6 बजे घर से निकले थे। करीब पांच घंटे बाद रात लगभग 11 बजे परिजनों को सड़क हादसे की सूचना मिली। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे की वजह ओवरटेक करने के दौरान हुई टक्कर बताई जा रही है। बताया गया कि बाइक सवार युवकों को ओवरटेक करते समय तेज रफ्तार बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घटना के बाद बस चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। एक साथ तीन युवकों की मौत से अलीगंज-बबरगंज इलाके में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस अब फरार बस चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बस की रफ्तार कितनी थी और हादसे के वक्त यातायात नियमों का पालन हुआ था या नहीं।