भागलपुर में साइबर अपराध पर सख्त समीक्षा बैठक: डीएम अलंकृता पांडे और एसएसपी ने दिए त्वरित कार्रवाई और जागरूकता के निर्देश

भागलपुर में साइबर अपराध पर सख्त समीक्षा बैठक: डीएम अलंकृता प

Bhagalpur : समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में जिलाधिकारी अलंकृता पांडे एवं वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) की संयुक्त अध्यक्षता में साइबर अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित अनुसंधान और जन-जागरूकता को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में साइबर ठगी की वर्तमान स्थिति, मामलों के निष्पादन और अपराधियों के विरुद्ध जारी कार्रवाई की गहन बिंदुवार समीक्षा की गई।


ऑनलाइन पोर्टलों पर लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे का निर्देश

डीएम ने बैठक के दौरान सीआईएआर (CIAR), जीआरएम (GRM) और एमआरएम (MRM) पोर्टलों पर लंबित मामलों और शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन सभी पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों और मामलों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई के लिए 'आरोपी प्रोफाइल अपलोडिंग' के काम में तेजी लाने पर भी विशेष जोर दिया गया।


डिजिटल अरेस्ट और बैंकिंग फ्रॉड के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान

जिले में बढ़ते डिजिटल अरेस्ट, यूपीआई धोखाधड़ी, ओटीपी फ्रॉड, फर्जी निवेश योजनाओं और सोशल मीडिया ठगी पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस व प्रशासन को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। डीएम और एसएसपी ने स्पष्ट किया कि मामलों का त्वरित तकनीकी विश्लेषण, अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी और पीड़ितों को जल्द से जल्द राहत प्रदान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।


11 अगस्त को आयोजित होगा 'साइबर स्मार्ट मंगलवार' अभियान

बैठक में आगामी 11 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले 'साइबर स्मार्ट मंगलवार' अभियान की तैयारियों का भी जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा स्कूल-कॉलेजों, बैंकों, सरकारी दफ्तरों और स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर जिले भर में साइबर सुरक्षा का माहौल तैयार किया जाए।


आमजन से सतर्कता की अपील, हेल्पलाइन 1930 का प्रचार

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे आम नागरिकों को मजबूत पासवर्ड के इस्तेमाल, संदिग्ध लिंक से बचाव, किसी के साथ ओटीपी शेयर न करने और साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के प्रति जागरूक करें। बैठक में साइबर डीएसपी समेत अन्य वरीय पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।


बालमुकुंद की रिपोर्ट