ममता और आस्था के आगे छोटी पड़ी मजहब की दीवार, बेटी की सलामती के लिए मुस्लिम महिला कर रही छठ व्रत

आस्था, विश्वास और मां की ममता से बढ़कर कुछ नहीं है। इसका उदाहरण भागलपुर जिले से सामने आया है, जहां एक मुस्लिम महिला अपनी बच्ची की सलामती के लिए पूरे विधि-विधान से छठ पर्व कर रहीं है.....

ममता और आस्था के आगे छोटी पड़ी मजहब की दीवार, बेटी की सलामती
आस्था के आगे छोटी पड़ी मजहब की दीवार- फोटो : बाल मुकुंद कुमार

Bhagalpur : आस्था की कोई सरहद नहीं होती और मां की ममता का कोई मजहब नहीं होता। इसकी एक बेहद खूबसूरत और प्रेरक मिसाल नवगछिया पुलिस जिले के गोपालपुर प्रखंड अंतर्गत मकंदपुर गांव में देखने को मिल रही है। यहां मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखने वाली खुश्माना खातून अपनी बेटी की सलामती, बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना को लेकर लोक आस्था के महापर्व छठ का कठिन व्रत कर रही हैं। उनकी यह पहल पूरे क्षेत्र में सांप्रदायिक सद्भाव और गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी तस्वीर पेश कर रही है।


10 दिन पहले से शुरू कर दी थीं तैयारियां, सात्विक भोजन का पालन

खुश्माना खातून ने बताया कि उन्होंने छठ महापर्व के नियमों का पालन करते हुए करीब दस दिन पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। इस दौरान वे पूरी शुद्धता के साथ सात्विक भोजन ग्रहण कर रही हैं और दीपावली के बाद से ही सेब, नारियल, नींबू, अदरक समेत पूजा की सभी जरूरी सामग्रियां जुटाने में लग गई थीं। खरना के बाद वे निर्जला उपवास रखकर विधि-विधान से अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। उनके परिवार के अन्य सदस्य भी उनकी इस आस्था और संकल्प में पूरा सहयोग दे रहे हैं।


हिंदू परिवार के साथ मिलकर मनाएंगी महापर्व, बेटा कर रहा घाट की सफाई

मकंदपुर गांव के निवासी अरविंद प्रसाद मंडल की पत्नी रति देवी के घर भी छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं, जहां खुश्माना ने अपनी ओर से पूजा सामग्री पहुंचाकर सहयोग किया है। दोनों परिवार वर्षों से चली आ रही आपसी प्रेम और सहयोग की परंपरा को निभाते हुए इस बार भी घर और घाट पर एक साथ मिलकर छठ महापर्व मनाएंगे। इतना ही नहीं, खुश्माना का बेटा भी पिछले कई दिनों से छठ घाट की साफ-सफाई और उसे तैयार करने में अपना सक्रिय योगदान दे रहा है।


आस्था के पर्व में धर्म और जाति का बंधन नहीं: खुश्माना खातून

अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए खुश्माना खातून ने कहा कि छठ लोक आस्था और प्रकृति की उपासना का महापर्व है, जिसमें धर्म और जाति का कोई बंधन नहीं होता। उनके अनुसार, यह पर्व परिवार और समाज के लोगों को एक साथ जोड़ने का काम करता है। त्योहार भले ही अलग-अलग हों, लेकिन खुशियां, दुआएं और सच्ची आस्था सभी को प्रेम के एक ही सूत्र में बांधती हैं।


समाज को आपसी भाईचारे और सौहार्द का बड़ा संदेश दे रही है यह तस्वीर

मकंदपुर गांव की यह अनोखी तस्वीर आज के दौर में पूरे समाज को एक सकारात्मक और बड़ा संदेश दे रही है कि इंसानियत, प्रेम और आपसी भाईचारे से बड़ी कोई दीवार नहीं होती। एक मां की अटूट ममता ने यहां मजहब की तमाम सीमाओं को पीछे छोड़कर सामाजिक सौहार्द की एक ऐसी मिसाल कायम की है, जिसकी चर्चा पूरे भागलपुर और नवगछिया इलाके में हो रही है।


बालमुकुंद की रिपोर्ट