Bihar News : भागलपुर में 22 हज़ार से अधिक परिवारों के पक्का घर का सपना हुआ पूरा, लाभुकों को मिली घर की चाबी

Bihar News : भागलपुर में जहाँ 22 हज़ार से अधिक लोगों को घर की चाबी सौंपी गयी है. वहीँ 39,262 लाभुकों को घर की दूसरी किस्त और 27,000 लाभुकों को तीसरी किस्त दी गयी है......पढ़िए आगे

Bihar News : भागलपुर में 22 हज़ार से अधिक परिवारों के पक्का घ
लाभुकों को मिली चाबी - फोटो : ANJANI

BHAGALPUR : भागलपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 22 हजार 672 परिवारों का पक्के घर का सपना पूरा हो चुका है। पटना के बापू सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से लाभुकों को आवास की चाबी सौंपी गई, जिसका सीधा प्रसारण भागलपुर के समीक्षा भवन सभागार में भी किया गया। इस दौरान जिले के कई लाभुक कार्यक्रम से जुड़े और अपने पक्के आशियाने की खुशी साझा की।

पटना में कार्यक्रम

दरअसल, वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभुकों को आवास की चाबी सौंपने के लिए पटना के बापू सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई मंत्री मौजूद रहे। पटना से आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भागलपुर के समीक्षा भवन सभागार में किया गया, जहां जिलाधिकारी अलंकृता पांडे, सांसद अजय मंडल, उप विकास आयुक्त, जिला परिषद अध्यक्ष समेत अधिकारी और लाभुक मौजूद रहे।

इतने लाभुक हुए लाभान्वित

भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत अब तक 22,672 लाभुकों के आवास पूर्ण हो चुके हैं। वहीं, योजना के तहत 39,262 लाभुकों को दूसरी किस्त और 27,000 लाभुकों को तीसरी किस्त की राशि उनके बैंक खातों में भेजी जा चुकी है।

पूर्ण आवासों के बाद लाभुकों को सौंपी जा रही चाबी

सरकार की इस योजना का उद्देश्य जरूरतमंद और पात्र ग्रामीण परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है। आवास निर्माण पूरा होने के बाद लाभुकों को उनके नए घर की चाबी सौंपने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। किसी के लिए यह सिर्फ एक मकान नहीं, बल्कि वर्षों से देखा जा रहा अपने पक्के आशियाने का सपना है। योजना से जुड़े लाभुकों ने घर मिलने पर खुशी जाहिर की और सरकार के प्रति आभार जताया। भागलपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के आंकड़े बताते हैं कि हजारों जरूरतमंद परिवारों को अब अपना पक्का आशियाना मिल चुका है। वहीं, जिन लाभुकों के आवास निर्माण की प्रक्रिया जारी है, उनके लिए भी किस्तों के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

अंजनी की रिपोर्ट