Bihar News : भागलपुर में तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन की हुई मौत, नवविवाहिता ने दी जान, छात्रा का संदिग्ध शव बरामद और छात्र की गंगा में डूबने से मौत

Bihar News : भागलपुर में अलग अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गयी. जहाँ नवविवाहिता ने जान दे दी. वहीँ गंगा में डूबने से छात्र की मौत हो गयी........पढ़िए आगे

Bihar News : भागलपुर में तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन की हुई म
तीन लोगों की मौत - फोटो : BALMUKUND

BHAGALPUR : भागलपुर के मायागंज अस्पताल से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां 19 वर्षीय नवविवाहिता लाडो खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका नया टोला हसनपुर की रहने वाली थी। जानकारी के अनुसार, लाडो खातून की शादी करीब 10 महीने पहले मोहम्मद हासिब (25) से हुई थी, जो बिजली मिस्त्री का काम करता है। बताया जा रहा है कि करीब 10 दिन पहले लाडो खातून अपने पति के साथ मायके आई थी और वहीं रह रही थी। इसी दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। परिजनों के अनुसार, लाडो खातून का पड़ोस के युवक गुफरान (पिता अब्बास) के साथ पिछले 6 महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था। घटना के दिन दोपहर करीब 1 बजे पति ने लाडो खातून को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में गुफरान के साथ देख लिया। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बताया जाता है कि पति ने घर का गेट बंद कर अपनी सास बीबी हसीना को इसकी जानकारी दी। जब सास मौके पर पहुंचीं, तब तक गुफरान अपने चार साथियों के साथ वहां पहुंच गया और मारपीट की घटना को अंजाम दिया। मामले को लेकर शाम में पंचायत बुलाई गई, जहां प्रेमी गुफरान ने शादी करने से इनकार कर दिया। इस घटना से आहत होकर लाडो खातून ने कथित तौर पर जहर खा लिया। गंभीर हालत में पहले अमरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पूरे घटनाक्रम की छानबीन की जा रही है।

वहीँ भागलपुर के दीपनगर मोहल्ले में किराये के कमरे में रह रही 22 वर्षीय छात्रा सुलेखा कुमारी की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। उसका शव दुपट्टे के फंदे से फर्श पर अधलेटा मिला। कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना जोगसर पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एफएसएल टीम को भी बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस को कमरे से एक चकनाचूर मोबाइल मिला है, जिसकी बैट्री अलग पड़ी थी और सिम गायब था। इसके अलावा मृतका के बैग से एक दूसरा बंद मोबाइल, दो आधार कार्ड की फोटो कॉपी, एक डायरी और सिम से संबंधित एक लिफाफा बरामद किया गया है। कमरे में सामान बिखरा होने से साजिश की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है, साथ ही जबरदस्ती की भी जांच की जा रही है। बताया जाता है कि सुलेखा पिछले तीन माह से एक मकान के चौथे तल पर बने सिंगल कमरे में किराये पर रह रही थी। अन्य किरायेदार मोटर चलाने के लिए छत पर गए थे। इसी दौरान कमरे का दरवाजा खुला देख उसने अंदर झांका तो छात्रा फंदे से लटकी मिली। इसके बाद उसने शोर मचाकर अन्य लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी। मृतका मूल रूप से लोदीपुर के तहबलपुर की रहने वाली थी। उसके पिता की दिसंबर माह में बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद वह किराये पर रहकर काम करने के साथ-साथ बिहार पुलिस की तैयारी भी कर रही थी। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

उधर भागलपुर स्थित बड़ी खंजरपुर दुर्गा स्थान इलाके से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां गंगा नदी में डूबने से एक इंटर के छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, निरंजन यादव के पुत्र ओम कुमार यादव गंगा नदी के दूसरी ओर मवेशियों के लिए चारा लाने गए थे। इसी दौरान वह गंगा नदी में डूब गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत 112 आपातकालीन सेवा को सूचना दी, जिसके बाद एसडीआरएफ टीम को भी अलर्ट किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि एसडीआरएफ टीम करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। इस दौरान स्थानीय लोग करीब डेढ़ घंटे तक अपने स्तर पर युवक की तलाश करते रहे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। 

लोगों का कहना है कि यदि राहत टीम समय पर पहुंच जाती, तो शायद ओम कुमार यादव की जान बचाई जा सकती थी। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि इस इलाके में पहले भी इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने प्रशासन से गंगा घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।बताया जा रहा है कि ओम कुमार यादव दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे थे। उनकी असमय मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

बालमुकुन्द की रिपोर्ट