Bihar Vikramshila Bridge Alert: विक्रमशिला सेतु पर फिर बढ़ा खतरा, एक्सपेंशन ज्वाइंट में बढ़ी दरार, लोगों में दहशत
Bihar Vikramshila Bridge Alert: उत्तर बिहार की लाइफ लाइन माने जाने वाले विक्रमशिला सेतु की सेहत को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है।....
Bihar Vikramshila Bridge Alert: उत्तर बिहार की लाइफ लाइन माने जाने वाले विक्रमशिला सेतु की सेहत को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। पुल के पिलर संख्या 121 और 122 के बीच स्थित एक्सपेंशन ज्वाइंट का गैप निर्धारित 40 एमएम से बढ़कर करीब 90 एमएम तक पहुंच गया है। सामने आई तस्वीरों में ज्वाइंट के बीच इतना बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है कि उसमें आसानी से हाथ डाला जा सकता है। इस खुलासे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों में सुरक्षा को लेकर चिंता गहरा गई है।
मामले की जानकारी मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) विभाग के निर्देश पर पुल निर्माण निगम के इंजीनियरों की टीम मंगलवार की शाम मौके पर पहुंची और तकनीकी जांच शुरू की। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल पुल पर छोटे वाहनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी है, लेकिन बढ़ता गैप सेतु की मजबूती और दीर्घकालिक सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है।
इधर सोमवार को विक्रमशिला सेतु पर लगे भीषण जाम के बाद प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है। पुल पर चार अतिरिक्त दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रत्येक दंडाधिकारी के साथ एक पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड जवान को भी लगाया गया है ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
इस बीच पुल पर टोटो के परिचालन पर प्रतिबंध के बावजूद कुछ चालकों ने जबरन प्रवेश की कोशिश की। रोकने पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात महिला जवानों और टोटो चालकों के बीच नोकझोंक भी देखने को मिली। प्रशासन ने छोटे कारोबारियों को राहत देते हुए तीन पहिया मालवाहक वाहनों के परिचालन की विशेष व्यवस्था की है। वहीं सवारी वाहन नहीं मिलने के कारण कुछ यात्रियों को पैदल ही पुल पार करना पड़ा। पहले से बेली ब्रिज के सहारे चल रहे विक्रमशिला सेतु पर अब 90 एमएम का बढ़ता गैप लोगों की चिंता बढ़ा रहा है। सवाल यही है कि उत्तर बिहार की इस अहम लाइफ लाइन को आखिर कब तक अस्थायी इंतजामों के सहारे चलाया जाएगा।
रिपोर्ट- अंजनी कुमार कश्यप