Bihar News : आई रियली लव यू...दूसरी शादी कर लीजियेगा...पति के नाम सुसाइड नोट छोड़कर फंदे से झूल गयी पत्नी

Bihar News : भागलपुर में बिलखता रहा 6 महीने का बेटा और फंदे से झूल गई माँ, सुसाइड नोट में पति पर विवाद करने का लगाया आरोप....लिखा दूसरी शादी कर लेना....पढ़िए आगे

Bihar News : आई रियली लव यू...दूसरी शादी कर लीजियेगा...पति क
फंदे से झूल गयी विवाहिता - फोटो : BALMUKUND

BHAGALPUR :  जिले के जोगसर थाना क्षेत्र अंतर्गत बूढ़ानाथ स्थित मथुरा घोष लेन में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ ईपीएफ (EPF) ऑफिस के गार्ड अक्षत कुमार उर्फ छोटू की पत्नी प्रियंका कुमारी ने फंदे से झूलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस को मृतका के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जो इस त्रासदी की वजहों की ओर इशारा कर रहा है।

सुसाइड नोट में गृह क्लेश का जिक्र

घटना की सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी टू अजय कुमार चौधरी और जोगसर थाना पुलिस मौके पर पहुँचे। छानबीन के दौरान पुलिस ने मृतका के कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, सुसाइड नोट में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रही अनबन और आपसी विवाद की बात सामने आई है। लिखा की बस यही आपसे सुनना बाकी रह गया था। ऐसा लग रहा है जैसे धरती फटे और मैं उसमें समा जाऊं। मैं क्या हूं आप समझ नहीं सके। अब तो मैं जा रही हूं। अब मेरी बात मान लीजिएगा। बच्चे का ख्याल रखिएगा। दूसरी शादी भी कर लीजिएगा पर उसे मेरी तरह दुख नहीं दीजिएगा। आई रियली लव यू। मैं सोचती थी कि आपके लिए मैं ही सबकुछ हूं पर ये मेरी गलतफहमी थी। पुलिस नोट की लिखावट और उसमें लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच कर रही है।

बच्चे के लगातार रोने से मचा हड़कंप

प्रियंका की मौत का पता तब चला जब उसका छह माह का मासूम बेटा भूख और प्यास से बिलखने लगा। परिजनों ने बताया कि अक्सर बच्चा रोता था तो प्रियंका उसे तुरंत चुप करा देती थी, लेकिन सोमवार दोपहर 1:00 बजे के करीब बच्चा काफी देर तक रोता रहा और प्रियंका की कोई आवाज नहीं आई। अनहोनी की आशंका होने पर जब प्रियंका की ननद अंजलि और चचेरा देवर कमरे में गए, तो वहां का मंजर देख उनके होश उड़ गए।

छत की ओर जाने वाली सीढ़ी पर मिला शव

प्रियंका का शव कमरे के भीतर ही छत की ओर जाने वाली सीढ़ी के पास साड़ी के टुकड़े से बने फंदे से लटका हुआ पाया गया। परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने शव को नीचे उतारा। पुलिस ने बताया कि कमरा खुला हुआ था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि घटना के वक्त वह घर के भीतर अकेली ही थी। देर शाम पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।

पुलिसिया कार्रवाई और आगे की जांच

सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों और समय की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल सुसाइड नोट को आधार बनाकर और परिजनों के बयानों को दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। इस घटना के बाद मथुरा घोष लेन इलाके में शोक का माहौल है और मासूम बच्चे के सिर से मां का साया उठने पर हर कोई गमगीन है।

बालमुकुन्द की रिपोर्ट