Bihar Police: ठेंगे पर डीजीपी का आदेश! फिरकी वाली तू कल फिर आना गाने के साथ... नाव पर रील, वर्दी में इंस्टा पर वीडियो! महिला पुलिसकर्मी का वायरल
Bihar Police: बिहार पुलिस की कार्यशैली और अनुशासन को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।...
Bihar Police: बिहार पुलिस की कार्यशैली और अनुशासन को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। भागलपुर जिले से सामने आए एक वायरल वीडियो ने पुलिस महकमे में नई बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में एक महिला पुलिसकर्मी कथित तौर पर ड्यूटी के दौरान नाव पर रील बनाती दिखाई दे रही हैं। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस विभाग के अनुशासन, सोशल मीडिया नीति और वर्दी की मर्यादा को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
न्यूज4नेशन वीडियो की पुष्टि नहीं करता है लेकिन जानकारी के अनुसार मामला बरारी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में महिला पुलिसकर्मी विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद संचालित की जा रही नाव सेवा के दौरान नाव पर खड़ी नजर आती हैं। इसी दौरान उनके रील बनाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि अभी तक पुलिस प्रशासन की ओर से वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और न ही यह स्पष्ट किया गया है कि वीडियो कब और किस परिस्थिति में बनाया गया।
यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि बिहार पुलिस मुख्यालय समय-समय पर सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी करता रहा है। पुलिस महानिदेशक की ओर से कई बार स्पष्ट किया गया है कि ड्यूटी के दौरान अथवा वर्दी में मनोरंजनात्मक रील और वीडियो बनाना विभागीय अनुशासन के विरुद्ध माना जाएगा। विशेष रूप से पुलिस थानों, सरकारी परिसरों और संवेदनशील स्थलों पर इस तरह की गतिविधियों पर रोक है। पिछले कुछ वर्षों में ऐसे मामलों में कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा चुकी है। विभागीय जांच के बाद कुछ कर्मियों को लाइन हाजिर किया गया, जबकि कुछ मामलों में निलंबन जैसी कड़ी कार्रवाई भी हुई। हाल ही में पूर्णिया में एक महिला थाना प्रभारी के खिलाफ भी वर्दी में रील बनाने के आरोपों को लेकर कार्रवाई चर्चा में रही थी।
इधर विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के कारण भागलपुर, कोसी और सीमांचल क्षेत्र के हजारों लोग रोजाना आवागमन की कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। ऐसे संवेदनशील समय में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी का कथित वीडियो सामने आने से आम लोगों के बीच भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।फिलहाल पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन यदि जांच में वायरल वीडियो की सत्यता प्रमाणित होती है, तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है।
रिपोर्ट - अंजनी कुमार कश्यप