Bihar News: बिहार में अपराधियों का तांडव, दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में मचा हड़कंप
Bihar News: नवगछिया पुलिस जिला में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। दिनदहाड़े अपराधियों ने एक युवक को मौत के घाट उतार दिया है। अपराधियों ने गोली मारकर युवक की हत्या कर दी है।
Bihar News: बिहार में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। बेखौफ अपराधी एक के बाद अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला भागलपुर का है। जहां अपराधियों ने एक युवक को सारेआम गोली मारकर हत्या कर दी है। जानकारी अनुसार नवगछिया के परवत्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतपुर में दिनदहाड़े एक 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
दिनदहाड़े युवक की हत्या
मृतक की पहचान पूर्णिया जिले के बिरौली गांव निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है, जो एक कपड़ा व्यवसायी का पुत्र बताया जा रहा है। घटना जगतपुर और गरैया गांव के बीच 14 नंबर सड़क पर हुई। जानकारी के अनुसार, सौरभ अपने दोस्तों के साथ हुंडई कार से भागलपुर आ रहा था। इसी दौरान पल्सर बाइक सवार दो अपराधियों ने उनकी कार को रोक लिया।
बदमाशों ने सीने में मारी गोली
कार रुकते ही सौरभ नीचे उतरा और अपराधियों से कहासुनी करने लगा। इसी दौरान बदमाशों ने उसके सीने में गोली मार दी। घटना के बाद सौरभ को तत्काल इलाज के लिए मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने सौरभ के साथ मौजूद दोस्तों पर ही संदेह जताया है। पुलिस ने भी दोनों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
भागलपुर से अंजनी की रिपोर्ट