Bhojpur Sand Mining Scam: भोजपुर में बालू के फर्जी चालान का बड़ा खेल, सीएम और एनजीटी तक पहुंची शिकायत; खनन अफसरों की मिलीभगत का आरोप
बिना गाड़ी घाट पहुंचे हजारों फर्जी चालान का आरोप! भोजपुर के संदेश स्थित 12 नंबर बालू घाट मामले में खनन अफसरों की मिलीभगत की शिकायत सीएम और NGT तक पहुंची। सीसीटीवी व GPS जांच की मांग, डीएमओ ने साधी चुप्पी।
बिहार के भोजपुर जिले में बालू के फर्जी चालान जारी करने का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिससे करोड़ों रुपये के राजस्व और नियम-कायदों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि बिना वाहनों के बालू घाट पहुंचे ही के-लाइसेंस के नाम पर हजारों फर्जी चालान काटे जा रहे हैं और लोडिंग कहीं और से कराई जा रही है। इस पूरे प्रकरण में स्थानीय खनन अधिकारियों की कथित मिलीभगत का आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत मुख्यमंत्री, खनन विभाग के प्रधान सचिव और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के अध्यक्ष से की गई है।
संदेश के 12 नंबर बालू घाट पर अनियमितता के आरोप
भोजपुर जिला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार ने एनजीटी के अध्यक्ष को पत्र भेजकर संदेश थाना क्षेत्र स्थित 12 नंबर बालू घाट की गतिविधियों और विभागीय मिलीभगत की जांच की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि संबंधित घाट के संचालक बड़े पैमाने पर अनियमितता कर रहे हैं और गाड़ियों के घाट पर आए बिना चालान जनरेट किए जा रहे हैं। आरोप है कि चालान 12 नंबर घाट के नाम से काटा जा रहा है, जबकि बालू की वास्तविक लोडिंग किसी अन्य स्थान से की जा रही है।
15 दिनों में हजारों फर्जी चालान काटने का दावा
शिकायतकर्ता के मुताबिक, बीते 15 दिनों के भीतर हजारों गाड़ियों के कथित फर्जी चालान काटे गए हैं। पत्र में 29 अक्टूबर 2026 को 500 से अधिक गाड़ियों तथा 17 नवंबर 2026 को दो अलग-अलग मौकों पर 100 और 128 गाड़ियों के चालान काटे जाने का जिक्र किया गया है। यह भी दावा किया गया है कि के-लाइसेंस के स्टॉक प्वाइंट पर बालू उपलब्ध नहीं होने के बावजूद उसी आईडी से सैकड़ों चालान जारी हुए और विभाग के पोर्टल पर 4 एजेंसियों के नाम पर 500 से अधिक ऐसे चालान दर्ज हैं।
सीसीटीवी और जीपीएस से जांच की मांग, कार्रवाई न होने का आरोप
एसोसिएशन अध्यक्ष ने कहा है कि पूरे मामले की सत्यता स्टॉक प्वाइंट पर लगे सीसीटीवी कैमरों और वाहनों में लगे वीएलटीडी (VLTD) जीपीएस डेटा की जांच से आसानी से सामने आ सकती है। आरोप है कि जिला खनन कार्यालय को पहले भी सूचना दी गई, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से संवेदक और अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका और गहरा गई है। शिकायतकर्ता ने उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।
जिला खनन पदाधिकारी ने साधी चुप्पी
इस गंभीर मामले पर पक्ष जानने के लिए जब भोजपुर के जिला खनन पदाधिकारी गौरव कुमार से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कई बार फोन कॉल रिसीव नहीं किया। लेकिन खबर लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली थी।