बक्सर के मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी पर गिरी गाज, 11 गंभीर आरोपों को लेकर एसपी ने किया सस्पेंड
बक्सर जिले के मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी को अपने काम कोताही और वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करना भारी पड़ गया है। एसपी ने तत्काल प्रभाव से उन्हें सस्पेंड कर दिया है.......
Buxar : जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने एक कड़ा कदम उठाया है। मुरार थाना की थानाध्यक्ष नेहा कुमारी को कर्तव्य निर्वहन में भारी लापरवाही, अनुसंधान में सुस्ती और अन्य गंभीर आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। डुमरांव अंचल के पुलिस निरीक्षक द्वारा सौंपी गई विस्तृत जांच रिपोर्ट में उनके खिलाफ 11 अलग-अलग बिंदुओं पर लगाए गए सभी आरोप सही पाए गए हैं।
प्राथमिकी में देरी और आरोपियों को थाने से छोड़ने का मामला
जांच रिपोर्ट के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को मारपीट की एक घटना में आवेदन मिलने के बावजूद समय पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसके अलावा, ईआरवी द्वारा पकड़े गए नामजद आरोपियों को उसी रात बिना उचित प्रक्रिया के छोड़े जाने और अगले दिन फिर से मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने जैसी अनियमितताएं सामने आईं। आर्म्स एक्ट और शराबबंदी से जुड़े मामलों में भी अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करने और अपराधियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई न करने के आरोप साबित हुए हैं।
महिला सिपाहियों की बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी
इस जांच में एक बेहद संवेदनशील मामला यह भी उजागर हुआ कि महिला पुलिसकर्मियों के लिए निर्धारित बैरक खाली नहीं कराया गया था, जिसके कारण उन्हें थाने के सरकारी वाहनों के गैराज में रहने को मजबूर होना पड़ा। शौचालय की समुचित व्यवस्था न होने के कारण उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। डीएसपी, डुमरांव द्वारा दिए गए स्पष्ट निर्देशों के बावजूद इस पर कोई अमल नहीं किया गया, जो प्रशासनिक अनुशासनहीनता को दर्शाता है।
वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और चुनाव कार्यों में सुस्ती
जांच में यह भी सामने आया कि कई गंभीर मामलों में उचित धाराएं नहीं जोड़ी गईं और वरीय अधिकारियों द्वारा स्पष्टीकरण मांगे जाने के बावजूद समय पर जवाब नहीं दिया गया। इसके अतिरिक्त, विधानसभा चुनाव के दौरान गिरफ्तारियों की धीमी गति, लंबित वारंटों के निष्पादन में लापरवाही और पर्व-त्योहारों के वक्त असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई न करने के गंभीर आरोप भी जांच रिपोर्ट में दर्ज किए गए हैं।
युसूफ अंसारी को मिली मुरार थाने की नई कमान
पूर्व थानाध्यक्ष के निलंबन के बाद पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने वर्ष 2009 बैच के पुलिस अवर निरीक्षक युसूफ अंसारी को मुरार थाना का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया है। वे इससे पहले बक्सर पुलिस कार्यालय के वाहन चोरी कोषांग में पदस्थापित थे। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से जिले के अन्य पुलिस महकमों में भी जवाबदेही और पारदर्शिता को लेकर कड़ा संदेश गया है।
संदीप की रिपोर्ट