Bihar Liquor: बक्सर में डीसीएम ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, सिक्रेट चेंबर में छिपाकर लाई जा रही थी शराब

Bihar Liquor: बक्सर में उत्पाद विभाग ने डीसीएम ट्रक से गुप्त तहखाने में छिपाकर लाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। इस मामले में चालक गिरफ्तार हो चुका है।

Bihar Liquor
गुप्त तहखाने में छिपी शराब बरामद- फोटो : freepik

Bihar Liquor: बिहार में शराब तस्कर शराब पहुंचाने के लिए लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। अब तस्कर वाहनों में गुप्त तहखाने और मॉडिफाइड बॉडी बनाकर पुलिस को धोखा देने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन बक्सर में उत्पाद विभाग की सतर्कता के कारण उनकी चाल सफल नहीं हो सकी।

यूपी-बिहार सीमा पर स्थित वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने एक संदिग्ध डीसीएम ट्रक को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर बेहद चालाकी से बनाया गया एक गुप्त तहखाना मिला। जब पुलिस ने तहखाना खोला तो उसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। शराब की इतनी बड़ी खेप देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।

उत्पाद विभाग को पहले ही सूचना मिली थी

जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को पहले ही सूचना मिली थी कि यूपी की तरफ से एक संदिग्ध ट्रक बिहार में आने वाला है। इसके बाद चेक पोस्ट पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान यूपी से आ रहे डीसीएम ट्रक को रोककर उसकी गहन जांच की गई। शुरुआत में ट्रक सामान्य दिखाई दे रहा था, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को अंदर छिपा गुप्त तहखाना मिला। तहखाने में बड़ी मात्रा में विदेशी शराब रखी गई थी। शराब को इस तरह छिपाया गया था कि सामान्य जांच में किसी को शक न हो।

पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया

पुलिस ने मौके से ट्रक को जब्त कर लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उत्पाद विभाग की टीम बरामद शराब की बोतलों की गिनती कर रही है। साथ ही शराब की कुल कीमत का भी पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह शराब की बड़ी खेप थी, जिसे बिहार के अलग-अलग जिलों में पहुंचाने की तैयारी थी। गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।इसके साथ ही तस्करी के पीछे सक्रिय गिरोह और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने कहा कि शराब तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सीमा क्षेत्रों और चेक पोस्टों पर निगरानी और सख्त कर दी गई है। प्रशासन ने साफ कहा है कि बिहार में शराबबंदी कानून को पूरी सख्ती से लागू किया जाएगा और तस्करी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।