Bihar News : बक्सर के विकास की गूंज अब संसद में, अयोध्या-काशी की तर्ज पर विकसित करने की मांग, विश्वामित्र सेना का प्रयास लाया रंग
Bihar News : बक्सर के विकास को लेकर विश्वामित्र सेना राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे की पहल अब रंग ला रही है. इसके लिए ससंद में भी आवाज उठाई गयी है......पढ़िए आगे
BUXAR : बक्सर को अयोध्या–काशी की तर्ज पर विकसित करने और वहां के सनातन धर्म को संरक्षित करने की मांग विश्वामित्र सेना लंबे समय से उठाती आ रही है। विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने सनातन जोड़ो यात्रा से लेकर गंगा आरती के आयोजन, रामनवमी पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, साथ ही जिले एवं बिहार की राजधानी पटना में आयोजित अनेक प्रेस वार्ताओं के माध्यम से लगातार सरकार और आमजन का ध्यान बक्सर की ओर आकर्षित करने का कार्य किया है। इन प्रयासों का परिणाम यह रहा कि अब बक्सर से जुड़ी बातें राजनीतिक गलियारों में प्रमुखता से होने लगी हैं। सत्ता और विपक्ष—दोनों का ध्यान बक्सर की ओर केंद्रित हुआ है। बीते दिनों देश के राज्यसभा से लेकर लोकसभा तक विश्वामित्र सेना की मांगों की गूंज सुनाई दी। अब एक बार फिर राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे द्वारा उठाई गई बातों की प्रतिध्वनि सांसद के शब्दों के माध्यम से राज्यसभा में सुनाई दी।
आज बजट सत्र के दौरान हुई चर्चा में सांसद मनन कुमार ने कहा: आज मैं केंद्र सरकार का ध्यान बिहार राज्य के बक्सर जिले में स्थित ऐतिहासिक और पौराणिक तीर्थ स्थलों तथा बक्सर क्षेत्र के समग्र विकास की ओर आकर्षित करना चाहता हूं। बक्सर क्षेत्र प्राचीन काल से ही धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। यहां स्थित रामरेखा घाट, सिद्धाश्रम, वामन अवतार, वामलेश्वर मंदिर, नाथबाबा मंदिर, ब्रह्मणेश्वर स्थान मंदिर सहित अनेक ऐसे तीर्थ स्थल हैं, जिनका उल्लेख हमारे धार्मिक ग्रंथों तथा ऐतिहासिक स्रोतों में मिलता है।
कहा की देश के अन्य प्रमुख तीर्थ स्थलों जैसे अयोध्या, काशी, उज्जैन और द्वारका की भांति बक्सर भी एक अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र बनने की पूर्ण क्षमता रखता है, लेकिन दुर्भाग्यवश आज भी यहां विकास और आधारभूत सुविधाओं, धार्मिक पर्यटन एवं संरचना, आवागमन, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं हेतु कोई व्यापक व्यवस्था नहीं की गई है। इसके साथ-साथ बक्सर क्षेत्र के विकास को लेकर केंद्र सरकार को यह जानना आवश्यक है कि बक्सर क्षेत्र में पर्यटन आधारित विकास, सड़क एवं परिवहन, रोजगार सृजन, स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करने तथा आधारभूत ढांचे के विकास के लिए कौन-कौन सी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार से मेरा अनुरोध है कि अन्य धार्मिक स्थलों की तरह बक्सर का भी विकास किया जाए, जिससे वहां रोजगार सृजन होगा और अर्थव्यवस्था में भी सुधार आएगा।”
सांसद द्वारा कही गई ये बातें वही हैं, जिन्हें विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे समय-समय पर मीडिया के माध्यम से उठाते रहे हैं—कि बक्सर का विकास होगा तो रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी। इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए राजकुमार चौबे ने कहा कि जल्द ही यह गूंज बक्सर तक विकास के रूप में पहुंचेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्वामित्र सेना अपने सभी संकल्पों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और जब तक बक्सर की पहचान अयोध्या और काशी की तरह स्थापित नहीं हो जाती, तब तक संगठन अपनी आवाज लगातार बुलंद करता रहेगा।