बक्सर: दोस्त की गर्लफ्रेंड से बात करने पर युवक को मारी दनादन 4 गोलियां, यूपी के बलिया में फेंका

बक्सर के आर्यन यादव को दोस्त की पूर्व प्रेमिका से बात करने पर जानलेवा हमले का सामना करना पड़ा। आरोपियों ने बियर पिलाने के बाद यूपी के बलिया में 4 गोलियां मारीं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Buxar youth shot by friends in Ballia over love affair

बिहार के बक्सर जिले के एक युवक को अपने दोस्त की पूर्व प्रेमिका से बात करना बेहद महंगा पड़ गया। प्रेम प्रसंग और ईर्ष्या के चलते युवक के ही दोस्तों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। घायल 20 वर्षीय आर्यन यादव ने बताया कि मुख्य आरोपी बबलू यादव जिस लड़की से पहले बात करता था, वह अब आर्यन से बातचीत करने लगी थी। इसी बात से नाराज होकर बबलू ने अपने साथियों के साथ मिलकर आर्यन की हत्या करने की योजना बनाई।

बियर पिलाने के बाद रास्ते में मारी चार गोलियां

घटना के दिन आरोपी बबलू यादव ने आर्यन को भरौली गोलंबर के पास रोककर लिफ्ट मांगी। रास्ते में आरोपियों ने बियर खरीदी और साथ में पी। इसके बाद वे आर्यन को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सोहांव गांव ले गए। जब आर्यन वहां से वापस लौटने लगा, तब बबलू ने पीछे से उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आर्यन को कुल चार गोलियां मारी गईं, जो उसके अंडकोष, जांघ, सीने और पीठ के हिस्से में जा धंसीं। हमलावर उसे मृत समझकर सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।

स्थानीय लोगों की तत्परता से बची युवक की जान

सड़क किनारे लहूलुहान हालत में पड़े आर्यन पर जब स्थानीय राहगीरों की नजर पड़ी, तो उन्होंने देखा कि उसकी सांसें अभी चल रही हैं। ग्रामीणों ने बिना देर किए मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। शरीर के संवेदनशील हिस्सों में गोलियां फंसी होने के कारण युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है, लेकिन समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।

पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की तलाश

घटना की गंभीरता को देखते हुए बलिया के एएसपी कृपाशंकर और सीओ राकेश कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आर्यन के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। नरही थानेदार वीरेंद्र सिंह के अनुसार, मुख्य आरोपियों की पहचान बबलू यादव और बम यादव के रूप में हुई है, जो बक्सर के ही रहने वाले हैं। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।