Bihar News : ऊर्जा सचिव ने डुमरांव ग्रिड सब-स्टेशन का किया निरीक्षण, नियमित अनुरक्षण और सुरक्षा मानकों के पालन के दिए निर्देश

Bihar News : डुमरांव ग्रिड सब-स्टेशन निरीक्षण के दौरान ऊर्जा सचिव ने परिचालन व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता आदि की विस्तृत समीक्षा की।

Bihar News : ऊर्जा सचिव ने डुमरांव ग्रिड सब-स्टेशन का किया न
डुमरांव ग्रिड सब-स्टेशन का निरीक्षण- फोटो : SOCIAL MEDIA

BUXAR  : बिहार सरकार के ऊर्जा विभाग के सचिव सह-अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, बिहार स्टेट पावर (होल्डिंग) कंपनी लिमिटेड  अजय यादव ने डुमरांव (बक्सर) 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन का निरीक्षण किया तथा बक्सर जिले में आयोजित पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम में प्रभारी सचिव के रूप में भाग लिया। निरीक्षण के दौरान यादव ने ग्रिड की परिचालन व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता, पावर ट्रांसफॉर्मर एवं अन्य प्रमुख उपकरणों की कार्यक्षमता, सुरक्षा मानकों एवं अनुरक्षण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। 

उन्होंने ग्रिड परिसर का दौरा कर उपलब्ध सुविधाओं और संचालन व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से तकनीकी और परिचालन संबंधित जानकारी प्राप्त की। यादव ने निर्देश दिए कि सभी विद्युत उपकरणों का नियमित अनुरक्षण समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए और सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी तकनीकी समस्या का त्वरित समाधान करते हुए उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

बिहार सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित "पंचायत विकास दिवस" के अंतर्गत यादव बक्सर जिले के प्रभारी सचिव के रूप में बक्सर सदर प्रखंड की चुरामनपुर ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की गई तथा प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" का सामूहिक प्रसारण सुनाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

इस माह का विषय "महिला हितैषी पंचायत" रखा गया था। विषय से संबंधित चर्चाएँ जेंडर समानता, महिलाओं की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा व कौशल विकास, आर्थिक सशक्तिकरण, स्वास्थ्य व पोषण सेवाएँ, महिला अनुकूल आधारभूत सुविधाओं का विकास, बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातारण तथा समावेशी ग्रामीण विकास प्रमुख फोकस रहे। वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों से इन पहलों पर कदम उठाने और स्थानीय स्तर पर क्रियान्वयन तेज करने पर ज़ोर दिया।

पंचायत विकास दिवस के अवसर पर बक्सर जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। श्री अजय यादव ने चुरामनपुर पंचायत भवन में एक नवजात शिशु को पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाकर अभियान का उद्घाटन किया। यह अभियान जिले में 28 जून से 2 जुलाई 2026 तक संचालित होगा और जन्म से पांच वर्ष तक के लगभग 2.60 लाख लक्षित बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक दी जाएगी।