Bihar Crime : बक्सर में दिनदहाड़े बदमाशों ने घर में घुसकर किशोरी पर की फायरिंग, मौके पर हुई मौत, इलाके में मचा हड़कंप

Bihar Crime : बक्सर में दिनदहाड़े बदमाशों ने घर में घुसकर किश

BUXAR : जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र अंतर्गत अरियांव गांव में बुधवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। अज्ञात अपराधी ने घर का दरवाज़ा खुलवाकर 15 वर्षीय किशोरी की गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। मृतका की पहचान श्वेता कुमारी (15 वर्ष), पिता बबलू उपाध्याय के रूप में हुई है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर के सभी सदस्य दोपहर में विश्राम कर रहे थे। इसी बीच किसी ने दरवाज़ा खटखटाया। आवाज सुनकर श्वेता जैसे ही दरवाज़ा खोलने पहुंची, पहले से घात लगाए अपराधी ने उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही श्वेता ने अपनी जान बचाने के लिए घर के अंदर भागने की कोशिश की, लेकिन तब तक गोली उसकी पीठ में जा लगी। गंभीर रूप से घायल किशोरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गोली की आवाज सुनते ही परिजन दौड़कर दरवाज़े पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव के एसडीपीओ पोलस्त कुमार, कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम (FSL) को भी बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है।एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। अपराधी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन भी दिया गया है।

इधर, इस निर्मम हत्या के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस प्रेम प्रसंग, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। बहरहाल इस घटना ने एक बार फिर इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े घर में घुसकर इस तरह की वारदात ने स्थानीय लोगों को दहशत में डाल दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

संदीप की रिपोर्ट