Bihar News : बक्सर में ट्रक पर लोड 20 लाख की विदेशी शराब उत्पाद विभाग की टीम ने किया जब्त, मौके से दो तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar News : बक्सर में उत्पाद विभाग की टीम ने विदेशी शराब की बड़ी खेप को जब्त किया है। बरामद की गई इस विदेशी शराब की अनुमानित कीमत करीब 20.5 लाख रुपये बताई जा रही है।

Bihar News : बक्सर में ट्रक पर लोड 20 लाख की विदेशी शराब उत्
शराब की बड़ी खेप बरामद - फोटो : SANDIP

BUXAR : बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अवैध शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उत्पाद विभाग की सतर्कता के आगे उनकी चालें लगातार विफल हो रही हैं। इसी कड़ी में बक्सर में जूट के बोरों के बीच छिपाकर लाई जा रही विदेशी शराब की एक बड़ी खेप को उत्पाद विभाग ने जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान करीब 20.5 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की गई, जबकि इस धंधे में शामिल दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट के ऊपरी पुल पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध डीसीएम ट्रक को रोककर उसकी जांच की गई। प्रभारी निरीक्षक मद्यनिषेध कुंदन कुमार के नेतृत्व में उत्पाद विभाग की टीम ने ट्रक की गहन तलाशी ली। प्रारंभिक जांच में ट्रक में जूट के बोरे लदे दिखाई दिए, लेकिन स्कैनर मशीन से जांच के दौरान अधिकारियों को कुछ संदिग्ध संकेत मिले। 

इसके बाद जब बोरों को हटाकर देखा गया तो उनके बीच बड़ी मात्रा में विदेशी शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। तस्करों ने शराब को इस तरह छिपाया था कि सामान्य जांच में किसी को संदेह न हो, लेकिन तकनीकी जांच ने उनकी पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि शराब की यह खेप हरियाणा से बिहार लाई जा रही थी और इसे भागलपुर पहुंचाया जाना था। 

गिरफ्तार तस्करों की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के साधपुर थाना क्षेत्र स्थित गिलोह गांव निवासी राहुल सिंह तथा हरियाणा के गुरुग्राम जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बहोड़ा कला निवासी सचिन यादव के रूप में हुई है। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि मामले में दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

संदीप की रिपोर्ट