Bihar News : बक्सर में देह व्यापार के शक में पुलिस ने की बड़ी छापेमारी, मकान मालिक सहित 4 पुरुष और 2 महिलाओं को हिरासत में लिया

Bihar News : बक्सर में देहव्यापार की आशंका पर पहुंची पुलिस टीम ने एक निजी मकान की घेराबंदी की। जहाँ से पुलिस ने मौके से चार पुरुषों और दो महिलाओं को हिरासत में ले लिया.....पढ़िए आगे

Bihar News : बक्सर में देह व्यापार के शक में पुलिस ने की बड़
देह व्यापार - फोटो : SANDIP

BUXAR : बक्सर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जासो रोड स्थित विष्णुपुरी मोहल्ला वार्ड संख्या-33 में शनिवार को पुलिस की छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया। कथित अनैतिक गतिविधियों की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने एक निजी मकान से चार पुरुषों और दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में मकान मालिक को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को उक्त मकान में संदिग्ध गतिविधियों के संचालन की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चार पुरुषों और दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि मकान मालिक लक्ष्मण पांडेय से भी पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, घटना की जानकारी आरोपी के भाई बंशीधर पांडेय द्वारा पुलिस को दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान चलाया। 

इस कार्रवाई में इटाढ़ी गुमटी आउट पोस्ट प्रभारी गुड्डू चौधरी, एएसआई मनोज सिंह, एएसआई सियाराम महतो, महिला सशस्त्र बल समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित मकान पूर्व में भी विवादों में रह चुका है। लोगों के अनुसार वर्ष 2018 में भी इसी मकान से कथित तौर पर अनैतिक गतिविधियों के संचालन के आरोप में कार्रवाई हुई थी। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी सामने नहीं आई है।

मामले को लेकर सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा। फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ जारी है और पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संदीप की रिपोर्ट