Bihar News : भाजपा विधायक के करीबी बताए जा रहे शैलेश मिश्रा को गुजरात पुलिस ने बक्सर से उठाया, इस मामले में हुई गिरफ़्तारी
Bihar News : गुजरात के दाहोद जिले की साइबर क्राइम पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से बक्सर नगर थाना क्षेत्र के फुआ घाट इलाके में छापेमारी कर शैलेश कुमार मिश्रा नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
BUXAR : बिहार के बक्सर जिले में गुजरात पुलिस की एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। दाहोद जिले की साइबर क्राइम पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से बक्सर नगर थाना क्षेत्र के फुआ घाट इलाके में छापेमारी कर शैलेश कुमार मिश्रा नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई साइबर ठगी से जुड़े एक मामले में बैंक खाते के संदेहास्पद लेन-देन की जांच के बाद की गई है।
बैंक ट्रांजेक्शन से जुड़े तार
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुजरात में दर्ज साइबर फ्रॉड के एक मामले की तकनीकी जांच के दौरान जब बैंक खातों के लेन-देन (ट्रांजेक्शन) की कड़ियां खंगाली गईं, तो इसके तार बक्सर से जुड़े मिले। इसके बाद दाहोद साइबर क्राइम पुलिस की एक टीम तुरंत बक्सर पहुंची और स्थानीय नगर थाने की मदद से आरोपी शैलेश कुमार मिश्रा को धर दबोचा।
मोबाइल जांच के बाद गुजरात रवाना
बक्सर नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गुजरात पुलिस ने स्थानीय थाने के सहयोग से यह पूरी कार्रवाई की है। आरोपी के पास से बरामद मोबाइल की गहन जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद, गुजरात पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ दाहोद लेकर रवाना हो गई है। हालांकि, दर्ज प्राथमिकी के शुरुआती विवरणों से यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ठगी की कुल रकम में इस आरोपी की व्यक्तिगत संलिप्तता या हिस्सेदारी कितनी थी।
विधायक से करीबी को लेकर चर्चा तेज
गिरफ्तारी के बाद से ही बक्सर के राजनीतिक गलियारों और आम चर्चाओं में भूचाल आ गया है, क्योंकि आरोपी शैलेश कुमार मिश्रा को बक्सर सदर के भाजपा विधायक आनंद मिश्रा का करीबी बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर स्पष्ट किया गया है कि इस गिरफ्तारी के आधार पर फिलहाल विधायक आनंद मिश्रा की किसी भी प्रकार की संलिप्तता सामने नहीं आई है। फिलहाल, गुजरात पुलिस इस मामले की तह तक जाने के लिए बैंक खातों के डिजिटल ट्रेल और मोबाइल से मिले साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है। इस सनसनीखेज गिरफ्तारी के बाद बक्सर में साइबर अपराधियों के नेटवर्क को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।