छठी मइया के गीतों में शास्त्रीय संगीत की अनूठी मिठास: बक्सर की बेटी सुकृति मिश्रा आगे बढ़ा रही हैं शारदा सिन्हा की विरासत
बिहार की स्वर कोकिला पद्म भूषण दिवंगत शारदा सिन्हा की छठ महापर्व की गीत अमर है। अब उनकी अमर संगीत विरासत को बक्सर की बेटी प्रतिभावान कलाकार सुकृति मिश्रा आगे बढ़ा रहीं हैं....
Buxar : लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर स्वर कोकिला पद्म भूषण शारदा सिन्हा की अमर संगीत विरासत को आगे बढ़ाने वाली नई पीढ़ी की प्रतिभावान कलाकार सुकृति मिश्रा ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया है। मूलरूप से बिहार के बक्सर की रहने वाली सुकृति ने शास्त्रीय संगीत की बारीकियों को लोकगीतों में पिरोकर एक अद्भुत संगम पेश किया है। इस भावपूर्ण प्रस्तुति में हारमोनियम पर विश्वास वर्मा ने अपनी सधी हुई संगत से सुरों की मधुरता को और अधिक निखार दिया है।
महज पांच वर्ष की उम्र से शुरू हुआ सुरों और साधना का सफर
सुकृति मिश्रा का संगीत से गहरा नाता बचपन से ही जुड़ गया था। मात्र पांच वर्ष की आयु में उन्होंने अपने पहले गुरु ओम प्रकाश राय से शास्त्रीय संगीत की शुरुआती शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने वाराणसी में प्रख्यात संगीतकार पंडित देवाशिष डे के सान्निध्य में वर्षों तक संगीत की गहराइयों को समझा और सुर, लय, ताल तथा रागों की तकनीकी बारीकियों को पूरी तन्मयता के साथ आत्मसात किया।
खैरागढ़ विश्वविद्यालय से स्नातक और राज्यपाल के हाथों मिला गोल्ड मेडल
अपनी संगीत साधना को अकादमिक रूप देते हुए सुकृति ने वाराणसी स्थित नवसाधना कला केंद्र के माध्यम से इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ (छत्तीसगढ़) से संगीत में स्नातक की डिग्री हासिल की। सत्र 2017-19 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें छत्तीसगढ़ के तत्कालीन राज्यपाल और विश्वविख्यात तबला वादक दिवंगत उस्ताद जाकिर हुसैन के हाथों गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया था, जो उनकी असाधारण प्रतिभा की बड़ी गवाही है।
खुद साधना करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भी दे रही हैं संगीत के संस्कार
सुकृति की उपलब्धियां केवल व्यक्तिगत मंचों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वह पिछले करीब दस वर्षों से बच्चों को शास्त्रीय संगीत की शिक्षा देकर इस प्राचीन विधा को सहेजने में जुटी हैं। उनके मार्गदर्शन में अब तक 500 से अधिक बच्चे संगीत सीख चुके हैं, जबकि वर्तमान में वह दिल्ली के गंधर्व संगीत महाविद्यालय में प्राध्यापक के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं और अपने संस्थान के जरिए दर्जनों बच्चों को नियमित रूप से रियाज करा रही हैं।
लोकसंस्कृति और शास्त्रीय परंपरा को जीवंत रखने का प्रेरणादायक संकल्प
बक्सर की बेटी सुकृति मिश्रा का यह प्रयास इस बात का प्रमाण है कि आधुनिकता के इस दौर में भी अपनी सांस्कृतिक जड़ों और लोकपरंपराओं को कैसे सहेजा जा सकता है। जब उनके कंठ से छठी मइया की आराधना के स्वर गूंजते हैं, तो वह केवल एक गायन नहीं रहता, बल्कि बिहार की समृद्ध लोकसंस्कृति, आस्था और संगीत विरासत का एक जीवंत उत्सव बन जाता है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मजबूत प्रेरणास्रोत है।
संदीप की रिपोर्ट