Bihar News : बक्सर में बेखौफ अपराधियों ने 17 वर्षीय किशोर को मारी गोली, इलाके में मचा हड़कंप
Bihar News : बक्सर में बाइक पर सवार दो युवकों ने रास्ते में घेरकर 17 वर्षीय एक किशोर को गोली मार दी। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.....पढ़िए आगे
BUXAR : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल एक बार फिर देखने को मिला है। चौसा गड़ही दिवाल के समीप पल्सर बाइक सवार दो युवकों ने रास्ते में घेरकर 17 वर्षीय किशोर को गोली मार दी। गोली किशोर के बाएं हाथ की हथेली को चीरते हुए पार हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घायल किशोर की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नरबतपुर गांव निवासी राधेश्याम चौधरी के 17 वर्षीय पुत्र मोहित चौधरी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। बक्सर डीएसपी गौरव पांडेय भी सदर अस्पताल पहुंचे और घायल मोहित से पूछताछ कर पूरी घटना की जानकारी ली।
चौसा गर्ल्स हाईस्कूल के पास बाइक से घेरकर किया हमला
घायल मोहित ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह बाइक से महादेवा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान चौसा गर्ल्स हाईस्कूल के पास पल्सर बाइक सवार युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने पहले गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच नरबतपुर निवासी विकास ठाकुर (18 वर्ष) ने कमर से पिस्टल निकालकर उस पर गोली चला दी। गोली उसके बाएं हाथ की हथेली को पार करते हुए निकल गई। मोहित के अनुसार, उसके साथ चुन्नी गांव निवासी दिव्यांशु बाइक चला रहा था।
चार दिन पुराने विवाद में गोली मारने का आरोप
घटना के पीछे चार दिन पहले हुआ विवाद बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच कुछ दिन पूर्व गाली-गलौज हुई थी। इसी पुरानी रंजिश को लेकर विकास ठाकुर पर गोली चलाने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, घायल मोहित की ओर से विवाद के वास्तविक कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। ऐसे में घटना के पीछे की पूरी वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
अस्पताल पहुंच डीएसपी ने घायल से की पूछताछ
घटना की गंभीरता को देखते हुए बक्सर डीएसपी गौरव पांडेय सदर अस्पताल पहुंचे और घायल किशोर से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी ली। डीएसपी ने बताया कि घायल के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घटना में शामिल आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की उठाई मांग
घटना की जानकारी मिलने पर चंदन चौधरी और बच्चा लाल चौधरी भी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल किशोर का हाल जाना और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। 17 वर्षीय किशोर पर इस तरह गोली चलाए जाने की घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है। पुलिस के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती घटना में शामिल आरोपितों की पहचान की पुष्टि कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करना और गोलीबारी के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा करना है।
संदीप की रिपोर्ट