चार अर्थियां, एक गांव और अधूरे सपने:मनाली से लौट रहे सोनपुर के नवविवाहित जोड़े समेत 4 की मौत,गांव में पसरा मातम

बिहार के भोजपुर (बिहिया) में हुए भीषण सड़क हादसे में सारण जिले के सोनपुर के 4 युवाओं की मौत हो गई। मृतकों में 4 महीने पहले शादी के बंधन में बंधा नवविवाहित जोड़ा भी शामिल है। कुल्लू-मनाली से लौटते समय स्कॉर्पियो और तेल टैंकर में हुई जोरदार भिड़ंत।

Bhojpur road accident 4 dead, including a newlywed couple fr
मनाली से लौट रहे सोनपुर के नवविवाहित जोड़े समेत 4 की मौत,गांव में पसरा मातम- फोटो : Reporter

बिहार के भोजपुर जिले में रविवार को हुए एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसे ने सारण जिले के सोनपुर क्षेत्र को गहरे शोक और सन्नाटे में डुबो दिया है। रविवार की देर शाम जब एक साथ चार शव सोनपुर पहुंचे, तो पूरा माहौल चीख-पुकार और आंसुओं से गमगीन हो गया। सारण के नयागांव थाना क्षेत्र के हरपुरनंद गांव और सोनपुर नगर परिषद की शिक्षक कॉलोनी में कोहराम मचा हुआ है। जिन घरों में कुछ महीने पहले तक शादी की खुशियां और शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां आज एक साथ चार अर्थियों के उठने से हर आंख नम है और पूरा इलाका इस असहनीय दुख से स्तब्ध है।


मनाली के सफर से लौटते समय हुआ भीषण हादसा


हादसे का शिकार हुए सभी लोग हिमाचल प्रदेश के कुल्लू-मनाली की यात्रा से लौट रहे थे। हरपुरनंद गांव निवासी 32 वर्षीय प्रकाश सिंह उर्फ विकास, अपनी 28 वर्षीय पत्नी पल्लवी सिंह, फुफेरे भाई 24 वर्षीय सौरभ कुमार और 26 वर्षीय गौरव कुमार के साथ स्कॉर्पियो से नोएडा होते हुए वापस आ रहे थे। इसी दौरान रविवार को भोजपुर के बिहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत अमराई नवादा के समीप उनकी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक तेल टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

शादी के महज चार महीने बाद उजड़ गया संसार

इस पूरी घटना का सबसे हृदयविदारक पहलू यह है कि प्रकाश सिंह और पल्लवी सिंह का विवाह इसी वर्ष 22 फरवरी 2026 को हुआ था। दाम्पत्य जीवन की शुरुआत के महज चार महीने बाद ही दोनों की जिंदगी का सफर एक साथ समाप्त हो गया। निजी दूरसंचार कंपनी जियो में देवघर में कार्यरत प्रकाश सिंह हादसे के वक्त खुद गाड़ी चला रहे थे, जबकि उनकी पत्नी आगे की सीट पर बैठी थीं। नए जीवन को लेकर दोनों ने जो भी सुंदर सपने संजोए थे, वे इस भयावह सड़क हादसे के साथ हमेशा-हमेशा के लिए बिखर गए।

पुलिस की कार्रवाई और शवों का घर पहुंचना

हादसे की सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद सभी को क्षतिग्रस्त गाड़ी से बाहर निकाला। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया और उन्हें परिजनों को सौंप दिया। रविवार की देर शाम जैसे ही एम्बुलेंस शवों को लेकर सोनपुर पहुंची, ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वहां मौजूद हर कोई शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन परिजनों की चीख-पुकार के आगे सबकी संवेदनाएं कम पड़ रही थीं।

श्मशान घाट पर अंतिम विदाई और गहरा सदमा

परिजनों के मुताबिक, मृतक सौरभ कुमार और गौरव कुमार का अंतिम संस्कार रविवार की देर शाम ही सोनपुर के कालीघाट श्मशान घाट पर कर दिया गया। वहीं, नवविवाहित दंपति प्रकाश सिंह और पल्लवी सिंह का अंतिम संस्कार सोमवार को उनके पैतृक गांव हरपुरनंद में किया जाएगा। इस हादसे ने न केवल चार हंसते-खेलते परिवारों के चिराग बुझा दिए, बल्कि पूरे सोनपुर क्षेत्र को एक ऐसा गहरा जख्म दे दिया है जिसे भुलाना नामुमकिन है। आज हर जुबान पर बस यही चर्चा है कि काश यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर न बना होता।

रिपोर्ट - धर्मेन्द्र रस्तोगी