बिहार: पढ़ा-लिखाकर बनाया GNM, अब पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को भिजवाया जेल, 21 लाख की धोखाधड़ी का आरोप

बिहार के सारण (छपरा) में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। रोहतास के पीड़ित पति का आरोप है कि उसने जमीन बेचकर पत्नी को GNM बनाया, लेकिन नौकरी मिलने के बाद पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसे जेल भिजवा दिया और 21 लाख की संपत्ति हड़प ली।

saran gnm wife fraud husband allegation
पढ़ा-लिखाकर बनाया GNM, अब पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को भिजवाया जेल- फोटो : Reporter

बिहार के वैशाली में बीपीएससी शिक्षिका से जुड़ा विवाद अभी शांत भी नहीं हुआ था कि सारण जिले से भी मिलता-जुलता एक गंभीर मामला सामने आया है। भगवान बाजार थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, एक पीड़ित पति ने अपनी जीएनएम (GNM) पत्नी, उसके कथित प्रेमी और अपने ससुराल वालों पर संपत्ति हड़पने तथा अवैध संबंध रखने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने स्थानीय पुलिस प्रशासन से गुहार लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और खुद के लिए न्याय की मांग की है।


पढ़ा-लिखाकर दिलाई नौकरी, रोहतास के पीड़ित ने सुनाई आपबीती

रोहतास जिले के नासरीगंज (घरी गांव) निवासी कृष्ण कांत राम की शादी वर्ष 2014 में पटना की मणिलता कुमारी से हुई थी, जिनसे उनके तीन बच्चे भी हैं। शादी के बाद कृष्ण कांत ने अपनी पत्नी को आगे पढ़ाया और उसकी जीएनएम की पढ़ाई पूरी कराई, जिसके बाद वर्ष 2020 में उसकी नियुक्ति सारण के अमनौर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जीएनएम के पद पर हो गई। पीड़ित का कहना है कि सरकारी नौकरी लगने के कुछ समय बाद ही उनके हंसते-खेलते परिवार को किसी की नजर लग गई और घर टूटने की कगार पर आ गया।


डाटा ऑपरेटर से कथित संबंध और पैतृक संपत्ति बेचने का दबाव

पीड़ित पति का आरोप है कि वर्ष 2021 से उसकी पत्नी का संबंध छपरा सदर अस्पताल के डाटा ऑपरेटर निर्भय सिंह से हो गया था। जब उसने इस बात का विरोध किया, तो पत्नी ने परिवार बचाने के बदले मायके में जमीन और कार खरीदने की बड़ी शर्त रख दी। पत्नी की खुशी और घर बचाने की खातिर कृष्ण कांत ने अपनी 15 कट्ठा पैतृक जमीन बेच दी और साल 2023 में पत्नी के नाम पर जमीन और एक स्विफ्ट डिजायर कार खरीदी, जिसमें करीब 3.45 लाख रुपये का नकद भुगतान किया गया था।


साजिश के तहत जमीन बिकवाई और पति को भिजवाया जेल

आरोप है कि कुछ समय बाद पत्नी ने कथित प्रेमी से संबंध तोड़ने का झांसा देकर वह नई जमीन भी बिकवा दी और पति को उसमें गवाह बनाया, लेकिन बिक्री की पूरी रकम खुद रख ली। पैसे हाथ में आते ही पत्नी ने पति के साथ वैवाहिक संबंध रखने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद जब पति ने विरोध किया, तो कथित प्रेमी और पत्नी ने मिलकर एक गहरी साजिश रची, जिसके कारण पीड़ित को भगवान बाजार थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और उसे 18 दिन छपरा जेल में काटने पड़े।


अस्पताल परिसर में अभद्रता और महिला थाने में नया मुकदमा

पीड़ित के अनुसार, जेल से जमानत पर छूटने के बाद 31 मई 2026 को पत्नी ने उसे छपरा सदर अस्पताल परिसर में बुलाया, जहां वह अपने कथित प्रेमी के साथ पहले से मौजूद थी। दोनों ने मिलकर कृष्ण कांत के साथ बदसलूकी की और बच्चों का हवाला देने के बावजूद तलाक देने का दबाव बनाया। जब पीड़ित पति ने तलाक के कागजात पर दस्तखत करने से साफ मना कर दिया, तो उसके अगले ही दिन साजिशन महिला थाने में पति के खिलाफ एक और झूठा मुकदमा दर्ज करवा दिया गया।


२१ लाख की धोखाधड़ी का दावा, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से जांच की मांग

कृष्ण कांत राम का दावा है कि उनके ससुराल वाले भी इस पूरी प्रताड़ना में उनकी पत्नी का ही साथ दे रहे हैं और इन सभी आरोपियों ने मिलकर उनकी करीब 21 लाख रुपये की संपत्ति हड़प ली है। पीड़ित ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि यदि मोबाइल कॉल डिटेल्स, व्हाट्सएप चैट और सदर अस्पताल के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज जैसे इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जाए, तो पूरा सच सामने आ जाएगा। उन्होंने दोषियों पर प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

रिपोर्ट- धर्मेन्द्र रस्तोगी