Bihar Road Accident:रेलवे ओवरब्रिज बना मौत का पुल, डिवाइडर से टकराई बाइक, नीचे गिरा युवक, चार मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

Bihar Road Accident:तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर चालक उछलकर रेलवे ओवरब्रिज से नीचे जा गिरा।....

Bihar Road Accident
रेलवे ओवरब्रिज बना मौत का पुल- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: छपरा शहर के श्यामचक रेलवे ओवरब्रिज पर मंगलवार की देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर चालक उछलकर रेलवे ओवरब्रिज से नीचे जा गिरा। गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर किया गया। लेकिन जिंदगी की जंग लड़ रहा युवक पटना पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ गया।

मृतक की पहचान सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र के पहिया गांव निवासी स्वर्गीय सुरेश राय के 32 वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातम पसर गया। बताया जा रहा है कि युवक किसी रिश्तेदार के यहां से लौटकर छपरा शहर की ओर आ रहा था। जैसे ही वह श्यामचक रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचा, उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह कई फीट दूर उछलकर सीधे पुल के नीचे जा गिरा, जिससे उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।

इस हादसे ने चार मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए छीन लिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चों दो बेटियों और दो बेटों को छोड़ गया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मासूम बच्चों की बेबसी देख हर किसी की आंखें नम हो रही हैं।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच पूरे गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है।

इस हादसे के बाद श्यामचक रेलवे ओवरब्रिज की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पुल पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उनका आरोप है कि अपर्याप्त रोशनी, तीखे मोड़ और सुरक्षा बैरियर की कमी के कारण यहां हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से पुल पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था, मजबूत सुरक्षा बैरियर और प्रभावी यातायात सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार की खुशियां इस तरह उजड़ने से बचाई जा सकें। 

रिपोर्ट- धर्मेंद्र कुमार