Bihar EOU Raid:छपरा के दारोगा पर इकोनॉमिक ऑफेंस यूनिट का शिकंजा, आय से अधिक संपत्ति केस में किशनगंज के कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, करोड़ों के खेल का खुलासा

Bihar EOU Raid: छपरा से जुड़े एक दारोगा पर निगरानी और इकोनॉमिक ऑफेंस यूनिट का शिकंजा कसता नजर आ रहा है।

Chapra Cop in EOU Net Raids in DA Case Crores Unearthed
छपरा के दारोगा पर इकोनॉमिक ऑफेंस यूनिट का शिकंजा- फोटो : reporter

Bihar EOU Raid: छपरा से जुड़े एक दारोगा पर निगरानी और इकोनॉमिक ऑफेंस यूनिट का शिकंजा कसता नजर आ रहा है। सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के पैगा गांव निवासी और किशनगंज नगर थाना के थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के संगीन इल्ज़ामों को लेकर मंगलवार को ताबड़तोड़ रेड की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप और इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के मुताबिक, इकोनॉमिक ऑफेंस यूनिट की टीम ने किशनगंज स्थित नगर थाना के समीप उनके सरकारी आवास, थाने के कक्ष और पटना के रामकृष्णा नगर स्थित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। तीन गाड़ियों से पहुंची छह सदस्यीय टीम में एक महिला अफसर भी शामिल बताई जा रही हैं। टीम ने पूरी प्लानिंग के तहत छापा मारकर हर कोने की बारीकी से तलाशी ली।

सूत्रों की मानें तो यह पूरा मामला आय से अधिक संपत्ति यानी डिसप्रोपोर्शनट एसेट्स का है, जिसमें अभिषेक रंजन पर करीब 1 करोड़ 70 लाख 22 हजार रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम दस्तावेजों, बैंक डिटेल्स, प्रॉपर्टी पेपर्स और अन्य संदिग्ध लेन-देन की गहन तफ्तीश में जुटी हुई है।

छापेमारी के दौरान टीम ने कई अहम कागजात, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और संदिग्ध सामानों को खंगाला है, जिससे काली कमाई के नेटवर्क का पर्दाफाश होने की संभावना जताई जा रही है। अंदरखाने की खबर है कि इस केस में और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं, जिससे कई और लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

इस हाई-प्रोफाइल रेड के बाद पुलिस विभाग में खामोशी और बेचैनी का माहौल है। आम लोगों के बीच भी यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर एक थाना प्रभारी ने इतनी बड़ी संपत्ति कैसे खड़ी कर ली।फिलहाल EOU और निगरानी की टीम पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अगर आरोप साबित होते हैं, तो दारोगा अभिषेक रंजन पर बड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।

रिपोर्ट- कुलदीप भारद्वाज