Durga Puja 2026: छपरा में खराब सड़क पर एक्शन,विधायक की मांग पर मंत्री ने दिए मरम्मत के आदेश,लापरवाही पर अभियंता को लताड़

छपरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक छोटी कुमारी की पहल पर सड़क की बदहाल स्थिति और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विधायक की पहल पर पथ निर्माण विभाग के मंत्री ने गंभीरता दिखाते हुए जिला अभियंता को फोन पर फटकार लगाई तथा सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने का आदेश

MLA Chhoti Kumari road repair initiative
विधायक छोटी कुमारी मांग दुर्गापूजा से पहले सुधरेगी ब्रह्मपुर-बिशुनपुरा सड़क- फोटो : Reporter

छपरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक छोटी कुमारी ने ब्रह्मपुर–बिशुनपुरा पथ पर बने बड़े-बड़े एवं गहरे गड्ढों की दुर्गापूजा से पहले तत्काल मरम्मत कराने की मांग उठाई है। सड़क की बदहाल स्थिति और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विधायक की पहल पर पथ निर्माण विभाग के मंत्री ने गंभीरता दिखाते हुए जिला अभियंता को फोन पर फटकार लगाई तथा सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने का आदेश दिया।


विधायक छोटी कुमारी ने पथ निर्माण विभाग के मंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर सड़क की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत सुनिश्चित कराने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा कि छपरा शहर के बीचों-बीच स्थित इस सड़क से दुर्गापूजा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क पर बने गहरे गड्ढे दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।


विधायक ने कहा कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के बावजूद उनकी समुचित मरम्मत नहीं की जा रही थी। जरूरी स्थानों पर मरम्मत को प्राथमिकता देने के बजाय कुछ ऐसे हिस्सों में हल्की मरम्मत की जा रही थी, जहां इसकी विशेष आवश्यकता नहीं थी, जबकि खतरनाक गड्ढे जस के तस बने हुए थे।


उन्होंने बताया कि पिछले करीब 15 दिनों से लगातार इस समस्या के समाधान के लिए अनुरोध किया जा रहा था। उन्होंने स्वयं जिला अभियंता को सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराकर खतरनाक गड्ढों की स्थिति से अवगत कराया था। इसके बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं होने पर उन्होंने चिंता जताई और विभागीय मंत्री से तत्काल कार्रवाई की मांग की।


दुर्गापूजा में लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा का सवाल


विधायक ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में दर्शन के लिए लाखों लोगों का आवागमन होता है। बारिश के दौरान सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अनुमान लगाना मुश्किल हो जाता है। इससे दोपहिया वाहन चालकों, टोटो, छोटी गाड़ियों और पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए पूजा से पहले सड़क की मरम्मत कराना बेहद जरूरी है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पथ निर्माण विभाग के मंत्री ने जिला अभियंता से फोन पर बात कर नाराजगी जताई और सड़क की मरम्मत में तेजी लाने का निर्देश दिया। मंत्री ने शीघ्र मरम्मत कार्य पूरा कराने का आदेश दिया, ताकि दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।


विधायक छोटी कुमारी ने संबंधित पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। यदि जांच में लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है, तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।


विधायक ने मांग की कि दुर्गापूजा से पहले ब्रह्मपुर–बिशुनपुरा पथ के सभी बड़े एवं गहरे गड्ढों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत पूरी कराई जाए। साथ ही, कार्य की तकनीकी जांच, नियमित निगरानी और संबंधित पदाधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से पूजा पंडालों तक पहुंच सकें और आम नागरिकों को भी आवागमन में राहत मिल सके।