Chhapra police: छपरा हिंसा के बाद बड़ा एक्शन, पुलिस ने जारी की 97 संदिग्धों की तस्वीरें

Chhapra police: छपरा में 25 जुलाई को हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद सारण पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने 97 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जारी कर आम लोगों से उनकी पहचान बताने की अपील की है।

Chhapra police

Chhapra police: छपरा शहर के थाना चौक और नगरपालिका चौक पर 25 जुलाई को हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद सारण पुलिस ने आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने घटना में शामिल होने के संदेह में 97 लोगों की तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर जारी की हैं और आम लोगों से उनकी पहचान करने में सहयोग मांगा है।

पुलिस के अनुसार प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया, सरकारी वाहनों और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया तथा आम नागरिकों और मीडिया कर्मियों पर लाठी, डंडे और ईंट-पत्थरों से हमला किया गया। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के वीडियो फुटेज और तस्वीरों की मदद से आरोपितों की पहचान की जा रही है।

वरीय पुलिस अधीक्षक का निर्देश

वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर सारण पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज पर 97 संदिग्ध लोगों की तस्वीरें अपलोड की गई हैं। हर तस्वीर को एक अलग क्रम संख्या दी गई है ताकि पहचान करने में आसानी हो। पुलिस ने कहा है कि लोगों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बैरिकेडिंग तोड़ने का आरोप

पुलिस ने इन संदिग्ध लोगों को अलग-अलग घटनाओं के आधार पर वर्गीकृत किया है। जारी जानकारी के अनुसार 21 लोगों पर बैरिकेडिंग तोड़ने का आरोप है। 11 लोगों पर राहगीरों के वाहनों में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया गया है। 21 लोगों को सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी से जोड़कर देखा जा रहा है। 12 लोगों पर पुलिस पर हमला और पथराव करने का आरोप है, जबकि 33 लोगों को हिंसक प्रदर्शन में सक्रिय भूमिका निभाने वाला बताया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और आगे भी अन्य लोगों की पहचान की जा सकती है। वीडियो और फोटो साक्ष्यों की लगातार जांच की जा रही है।

सारण पुलिस ने की पुलिस से अपील

सारण पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि जारी तस्वीरों में किसी व्यक्ति की पहचान होती है तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि जनसहयोग मिलने पर आरोपितों की गिरफ्तारी तेजी से हो सकेगी और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही यह भी कहा गया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उपद्रवियों की पहचान से संबंधित जानकारी देने के लिए पुलिस ने कई संपर्क नंबर जारी किए हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक से 9031827135, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) से 9031827144, जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष से 9031036406 और नगर थानाध्यक्ष से 9031827154 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने साफ कहा है कि हिंसा फैलाने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सभी दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।