Bihar News: छपरा के घूसखोर दारोगा रंगे हाथों गिरफ्तार, कई पुलिसकर्मियों पर गिर सकती है गाज! महकमे में हड़कंप

Bihar News: छपरा के घूसखोर दारोगा को निगरानी ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कई कर्मियों पर गाज गिर सकती है।

गिरफ्तार
रिश्वत लेते दारोगा गिरफ्तार - फोटो : News4nation

Bihar News: बिहार के छपरा जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां घूसखोर दारोगा को घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। जानकारी अनुसार डोरीगंज थाने के एक दरोगा को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बुधवार सुबह कार्रवाई की है। 

रिश्वत लेते दारोगा गिरफ्तार 

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार दरोगा की पहचान मोहित कुमार के रूप में हुई है। आरोप है कि वह “नीचे से ऊपर तक” देने के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था। इसी दौरान कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया गया। सूत्रों के मुताबिक, लंबे समय से उसकी शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद जाल बिछाकर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

शिकायत के बाद बिछाया गया जाल

मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी वसीम फ़िरोज़ ने बताया कि डुमरी रसूलपुर निवासी मन्नू साह ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि डोरीगंज थाना कांड संख्या 123/26 में मदद करने के एवज में दारोगा ने 10 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में मोलभाव कर रकम 9 हजार रुपये तय हुई। शिकायत के आधार पर निगरानी विभाग ने सत्यापन कराया, जिसके बाद कार्रवाई की योजना बनाई गई।

निजी आवास से हुई गिरफ्तारी

बताया जा रहा है कि निगरानी टीम पहले से ही दफ्तरपुर पेट्रोल पंप के पास स्थित दारोगा के किराये के आवास के आसपास तैनात थी। जैसे ही रिश्वत की रकम का लेन-देन हुआ, टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान जरूरी साक्ष्य भी एकत्र किए गए। गिरफ्तारी के बाद आरोपी दारोगा को पहले छपरा सर्किट हाउस ले जाया गया, जहां से निगरानी टीम उसे अपने साथ पटना ले गई। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। डोरीगंज थानाध्यक्ष राज शेखर ने भी दारोगा की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में आगे और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।

कुलदीप की रिपोर्ट