Bihar News: पुल पर आखिरी पुकार,जिंदगी से हार गया हूं... कहकर बनाया दर्द भरा वीडियो, फिर लापता हुआ युवक, परिवार की आंखों में खौफ और इंतजार
Bihar News: कभी-कभी इंसान के दिल में छिपा दर्द इतना गहरा हो जाता है कि उसकी खामोशी भी चीख बन जाती है। ...
Bihar News: कभी-कभी इंसान के दिल में छिपा दर्द इतना गहरा हो जाता है कि उसकी खामोशी भी चीख बन जाती है। सारण जिले के गड़खा प्रखंड मुख्यालय निवासी लक्ष्मण साह का एक ऐसा ही भावुक वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। छपरा-आरा स्थित वीर कुंवर सिंह सेतु पर खड़े होकर बनाए गए इस वीडियो में युवक बेहद मायूस और टूटे हुए नजर आ रहा है। वीडियो में वह कहता सुनाई दे रहा है कि वह जिंदगी से हार चुका है.... इसके बाद से वह रहस्यमय तरीके से लापता है।
बताया जा रहा है कि लक्ष्मण साह, स्वर्गीय तारकेश्वर साह के पुत्र हैं। वीडियो सामने आने के बाद परिवार वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई। अपनों की सलामती की दुआ करते हुए परिजन और ग्रामीण लगातार उसकी तलाश में जुटे हैं। हर किसी की आंखें नम हैं और दिल में एक ही सवाल है कि आखिर ऐसी कौन-सी मजबूरी थी, जिसने एक हंसते-खेलते इंसान को इतना टूटने पर मजबूर कर दिया।
आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पुल से नदी में छलांग लगा दी होगी, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन को सूचना दे दी गई है। नदी में खोजबीन का अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है। इस दर्दनाक घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर वह कौन-सा गम था, कौन-सी परेशानी थी, जिसे लक्ष्मण अपने दिल में दबाए हुए था? क्यों उसने अपनी तकलीफ को एक वीडियो संदेश के जरिए दुनिया के सामने रखा? इन सवालों के जवाब फिलहाल अनसुलझे हैं।
पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की जांच की जाएगी और युवक के लापता होने के हर पहलू को खंगाला जा रहा है। जब तक कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आती, तब तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।फिलहाल पूरा इलाका एक दुआ में जुड़ा है काश लक्ष्मण साह सकुशल वापस लौट आएं और परिवार के आंगन में फिर से खुशियों की रौनक लौट सके।
रिपोर्ट- धर्मेंद्र कुमार