MLC सचिदानंद राय ने छपरा-पटना के बीच डेली पैसेंजर ट्रेन चलाने की उठाई मांग, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को सौंपा पत्र

सारण और पटना के बीच रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों के लिए एक बड़ी खबर है। जल्द ही उन्हें एक पैसेंजर ट्रेन का तोहफा मिल सकता है। एमएलसी सच्चिदानंद राय ने प्रतिदिन पटना से छपरा के बीच एक पैसेंजर ट्रेन चलाने के लिए रेल मंत्री को पत्र लिखा है...

MLC सचिदानंद राय ने छपरा-पटना के बीच डेली पैसेंजर ट्रेन चलान
MLC सचिदानंद राय ने छपरा-पटना के बीच डेली पैसेंजर ट्रेन की उठाई मांग- फोटो : वंदना शर्मा

Chapra/Patna : बिहार विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) इंजीनियर सचिदानंद राय ने छपरा और राजधानी पटना के बीच दैनिक यात्रियों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। एमएलसी सचिदानंद राय ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर छपरा-पटना रेल खंड पर प्रतिदिन एक नई पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने रेल मंत्री को जनहित से जुड़ा एक मांग पत्र भी सौंपा। रेल मंत्री ने इस जन-आकांक्षा पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए बेहद सकारात्मक आश्वासन दिया है, जिससे सारण और पटना के बीच रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों में एक नई उम्मीद जगी है।


नियमित ट्रेन न होने से छात्र, व्यवसायी और मरीज परेशान

एमएलसी सचिदानंद राय ने रेल मंत्री को सौंपे अपने पत्र में इस रेल मार्ग की जमीनी हकीकत और यात्रियों की पीड़ा को विस्तार से रेखांकित किया है। उन्होंने उल्लेख किया कि छपरा और पटना के बीच प्रतिदिन बहुत बड़ी संख्या में छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, छोटे-बड़े व्यापारियों तथा गंभीर मरीजों का आना-जाना होता है। वर्तमान में इस रूट पर कोई सुगम और नियमित पैसेंजर ट्रेन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण इन यात्रियों को अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों में भारी भीड़, भारी असुविधा और निजी वाहनों के कारण अतिरिक्त आर्थिक खर्च का सामना करना पड़ता है।


सस्ती, सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए पैसेंजर ट्रेन जरूरी

उन्होंने रेल मंत्री से वार्ता के दौरान जोर देकर कहा कि जनहित और यात्रियों की लगातार बढ़ती अत्यधिक संख्या को देखते हुए छपरा-पटना के बीच प्रतिदिन कम से कम एक पैसेंजर ट्रेन का परिचालन शुरू करना अत्यंत आवश्यक हो गया है। इस ट्रेन के शुरू होने से न केवल कामकाजी वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहद सस्ती, सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा मिल सकेगी, बल्कि सड़क मार्ग पर वाहनों का दबाव और जाम की समस्या भी काफी हद तक कम होगी।


रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिया जल्द कार्रवाई का सकारात्मक आश्वासन

मुलाकात और पत्र सौंपने के इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए विधान पार्षद सचिदानंद राय ने बताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उनकी मांगों को बेहद गंभीरता और ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री ने इस जनोपयोगी मांग पर पूरी तरह से सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया है कि रेलवे प्रशासन इस रूट की समीक्षा कर जल्द ही उचित कदम उठाएगा। रेल मंत्री के इस आश्वासन को सारण के विकास और रेल कनेक्टिविटी के लिहाज से एक बड़ा और सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।


सारण और आसपास के लाखों यात्रियों को शीघ्र मिलेगी बड़ी राहत

एमएलसी सचिदानंद राय ने इस मुलाकात के बाद पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि सारण की जनता की यह बेहद पुरानी और महत्वपूर्ण मांग शीघ्र ही धरातल पर साकार होगी। उन्होंने कहा कि जैसे ही इस दैनिक पैसेंजर ट्रेन का परिचालन शुरू होगा, सारण, छपरा सहित आसपास के जिलों के लाखों रेल यात्रियों को सफर करने में एक बहुत बड़ी राहत मिल जाएगी और उनका समय तथा पैसा दोनों बचेगा।

वंदना की रिपोर्ट