छपरा में संगीत शिक्षक शेखर सुमन रेवा पुल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, गंडक नदी में तलाश जारी

छपरा जिले में एक संगीत शिक्षक के रहस्मय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। शिक्षक की कार रेवा पुल से बरामद हुई है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने गंडक नदी में छलांग लगा दी होगी। पुलिस हर पहलू को ध्यान मे रखते हुए जांच मे जुटी है....

छपरा में संगीत शिक्षक शेखर सुमन रेवा पुल से संदिग्ध परिस्थित
छपरा में संगीत शिक्षक लापता- फोटो : धर्मेंन्द्र रस्तोगी

Chapra : राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-722 पर स्थित रेवा पुल से संगीत शिक्षक शेखर सुमन के अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मंगलवार की देर रात से लापता शिक्षक की कार रेवा पुल पर लावारिस अवस्था में खड़ी पाई गई। कार मिलने के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों द्वारा आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने गंडक नदी में छलांग लगा दी होगी। हालांकि, घटना के पीछे का वास्तविक कारण क्या है और वे नदी में समाए हैं या किसी अन्य वजह से लापता हुए हैं, पुलिस इसकी गहराई से पड़ताल कर रही है।


घर से नेवता के लिए निकले थे शिक्षकदेर रात कार बरामद

लापता शिक्षक की पहचान सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के शोभेपुर निवासी उपेंद्र राय के 30 वर्षीय पुत्र शेखर सुमन के रूप में हुई है, जो उच्च माध्यमिक विद्यालय कोरेया में संगीत शिक्षक के पद पर तैनात थे। परिजनों के अनुसार, मंगलवार को शेखर अपनी कार से किसी परिचित के घर नेवता देने की बात कहकर निकले थे। देर रात तक वापस न लौटने पर जब परिजनों ने संपर्क करने का प्रयास किया तो उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। खोजबीन के दौरान रेवा पुल पर उनकी कार खड़ी मिली, लेकिन वे स्वयं वहां मौजूद नहीं थे।


मकेर थाना पुलिस और स्थानीय लोग नदी में चला रहे सर्च ऑपरेशन

कार मिलने और शिक्षक के गायब होने की खबर मिलते ही परिजनों में अनहोनी की आशंका को लेकर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना तत्काल मकेर थाने की पुलिस को दी गई। बुधवार सुबह से ही पुलिस प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंडक नदी के जलस्तर में शिक्षक की व्यापक तलाश शुरू की गई है।


रहस्यमयी गुमशुदगी पर खड़े हो रहे कई सवाल

स्थानीय स्तर पर घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस मामले को सिर्फ आत्महत्या के पहलू से न देखकर अन्य संभावित कारणों पर भी जांच आगे बढ़ा रही है। कार से कोई सुसाइड नोट या अन्य सुराग मिला है या नहीं, पुलिस इसकी भी छानबीन कर रही है।


सकुशल वापसी की आस में पलकें बिछाए परिजन

खबर लिखे जाने तक गंडक नदी में चलाए जा रहे खोज अभियान के बावजूद शिक्षक शेखर सुमन का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। इस बीच, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे ईश्वर से शेखर सुमन के सकुशल वापस लौटने की प्रार्थना कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले की सच्चाई सामने ला दी जाएगी।


धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट