छपरा जंक्शन पर छठ महापर्व की तैयारी तेज: यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बन रहा होल्डिंग एरिया, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

दीपावली और छठ के दौरान प्रवासियों के संभावित भीड़ को लेकर छपरा जंक्शन पर रेलवे की ओर से विशेष तैयारियां की जा रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए होल्डिंग एरिया में बैठने के लिए कुर्सियों, पेयजल, रोशनीऔर चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है

छपरा जंक्शन पर छठ महापर्व की तैयारी तेज: यात्रियों की भारी भ
छपरा जंक्शन पर छठ महापर्व की तैयारी तेज- फोटो : धर्मेंन्द्र रस्तोगी

Chapara : लोक आस्था के महापर्व छठ पर दूसरे राज्यों से घर लौटने वाले प्रवासियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने छपरा जंक्शन पर तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करना रेलवे की मुख्य प्राथमिकता है, जिसके तहत परिसर में अस्थायी यात्री आश्रय स्थल और होल्डिंग एरिया तैयार किए जा रहे हैं।


होल्डिंग एरिया में मिलेंगी बैठने, पेयजल और चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाएं

यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए बनाए जा रहे होल्डिंग एरिया में बैठने के लिए कुर्सियों, पेयजल, रोशनी, पंखे और चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही, ट्रेनों के आवागमन की जानकारी लगातार प्रसारित की जाएगी ताकि प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ न जमे और यात्रियों को व्यवस्थित ढंग से ट्रेनों तक पहुंचाया जा सके।


वाहन मुक्त परिसर और सीसीटीवी कैमरों से होगी चप्पे-चप्पे की निगरानी

भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए छपरा जंक्शन परिसर को वाहन मुक्त रखने की योजना है ताकि आवागमन में बाधा न आए। कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से स्टेशन परिसर व प्लेटफॉर्म पर पैनी नजर रखी जाएगी। सुरक्षा के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग और आरपीएफ जवानों की तैनाती के साथ आपात स्थिति से निपटने के लिए अधिकारियों की टीम मुस्तैद रहेगी।


पिछले साल शारदा सिन्हा के पारंपरिक छठ गीतों से गूंजा था स्टेशन परिसर

बीते वर्ष छठ महापर्व के दौरान वाराणसी मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर एक अलग ही भावुक नजारा देखने को मिला था। ट्रेन अनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा के गाए पारंपरिक छठ गीत जैसे 'पहिले-पहिले हम कईनी छठ के बरतिया' और 'मंगीला हम वरदान हे गंगा मइया' का प्रसारण किया गया था, जिससे घर लौट रहे यात्री झूमते और गुनगुनाते नजर आए थे।


लंबी दूरी के यात्रियों को असुविधा से बचाने का प्रयास

रेलवे की इन तमाम व्यवस्थाओं और होल्डिंग एरिया के निर्माण का मुख्य उद्देश्य यही है कि देश के विभिन्न हिस्सों से लंबी दूरी तय कर अपने घर लौटने वाले श्रद्धालुओं को स्टेशन पर किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और वे सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।


धर्मेंद्र की रिपोर्ट