बिहार विधान परिषद चुनाव 2026: सारण शिक्षक क्षेत्र में आचार संहिता लागू, 5 जिलों के 10,743 शिक्षक करेंगे मतदान,जानिए पूरा शेड्यूल और गाइडलाइंस
बिहार विधान परिषद अंतर्गत सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन- 2026 को लेकर चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है। निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो चुकी है,आगामी 29 सितंबर से नामांकन
बिहार विधान परिषद अंतर्गत सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन- 2026 को लेकर चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है। निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो चुकी है। आगामी 29 सितंबर से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी, जो छह अक्टूबर तक चलेगी। 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर लेने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
निर्वाची पदाधिकारी- सह- सारण के प्रमंडलीय आयुक्त मनीष कुमार ने प्रेस वार्ता कर निर्वाचन कार्यक्रम और तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। इस संबंध में उन्होंने बताया कि 22 सितंबर को प्रेस नोट जारी होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। यह निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने की निर्धारित तिथि 31 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी। अधिकारियों ने मीडिया प्रतिनिधियों से आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित किसी भी मामले की जानकारी तत्काल निर्वाची पदाधिकारी अथवा संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की, ताकि चुनाव स्वच्छ, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके।
29 सितंबर से दाखिल होंगे नामांकन पत्र
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र- सह- आयुक्त के न्यायालय कक्ष को नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए निर्धारित किया गया है। 29 सितंबर से छह अक्टूबर तक अवकाश को छोड़कर सभी कार्यालय दिवसों में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। अभ्यर्थियों को निर्धारित औपचारिकताओं के साथ नामांकन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। नामांकन दाखिल करने के लिए अभ्यर्थी को सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम निर्वाचक सूची में शामिल 10 निर्वाचकों को प्रस्तावक बनाना होगा। नामांकन पत्रों की संवीक्षा सात अक्टूबर को होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि नौ अक्टूबर निर्धारित की गई है।
पांच जिलों में 98 मतदान केंद्र
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल- 98 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पश्चिमी चंपारण में 18, पूर्वी चंपारण में 27, गोपालगंज में 14, सिवान में 19 और सारण में 20 मतदान केंद्र शामिल हैं। इन केंद्रों पर कुल 10, 743 निर्वाचक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 8,885 पुरुष और 1,858 महिला निर्वाचक हैं।
जिलेवार आंकड़ों के अनुसार पश्चिमी चंपारण में 1,713, पूर्वी चंपारण में 1,741, गोपालगंज में 1,282, सिवान में 2,183 और सारण में सर्वाधिक 3,824 निर्वाचक हैं। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक कराया जाएगा।
मतपेटियों और मतदान दलों की व्यवस्था पूरी करने में जुटा प्रशासन
निर्वाचन में वैध मतपत्र के माध्यम से मतदान कराया जाएगा। सभी संबंधित जिलों में आवश्यक संख्या में मतपेटिकाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। संबंधित जिलों में उपलब्ध कार्यबल के आधार पर मतदान दलों का गठन किया जाएगा। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को निर्धारित दिशा- निर्देशों के अनुरूप संचालित करने की तैयारी की जा रही है।
पांचों जिलों के डीएम से तैयारियों की समीक्षा
प्रेस वार्ता से पहले निर्वाची पदाधिकारी- सह- आयुक्त मनीष कुमार ने सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पांचों जिलों के जिला पदाधिकारी- सह- सहायक निर्वाची पदाधिकारियों के साथ निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में सारण, सिवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण के अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान मतदान दलों और विभिन्न निर्वाचन कोषांगों के गठन, राजनीतिक दलों के साथ बैठक, मीडिया प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। सभी जिलों के अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तैयारियां चल रही हैं और अधिकांश आवश्यक कार्य पूरे कर लिए गए हैं। शेष कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने की बात कही गई।
प्रचार की अनुमति के लिए सिंगल विंडो सिस्टम
निर्वाचन के दौरान अभ्यर्थियों और उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को प्रचार- प्रसार से संबंधित अनुमति के लिए जिला स्तर पर सिंगल विंडो सिस्टम उपलब्ध कराया जाएगा। सभा स्थल, जुलूस, लाउडस्पीकर, वाहन सहित अन्य अनुमतियों के लिए प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर अनुमति देने का निर्देश दिया गया है, ताकि सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके।
27 अक्टूबर को होगी मतगणना
मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। इसके लिए जिला मुख्यालय में उपयुक्त स्थान को मतगणना केंद्र के रूप में चिन्हित करने की प्रक्रिया चल रही है। निर्वाची पदाधिकारी- सह- आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा- निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्रशासन का लक्ष्य निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरा करना है।
सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट