बारात लेकर जा रही बस बनी काल का पहिया, सारण में दर्दनाक हादसा, एक की मौत, सात घायल, चीख-पुकार से दहला घटनास्थल
Bihar Bus Accident: सारण जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया।...
Bihar Bus Accident: सारण जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। तरैया थाना क्षेत्र एसएच-73 पर गण्डार के पास बारातियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस भयावह हादसे में एक बाराती की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और चारों तरफ चीख-पुकार का मंजर देखने को मिला।
जानकारी के मुताबिक, बस वैशाली जिले से बारात लेकर गोपालगंज जा रही थी। रास्ते में तरैया के गण्डार के पास सड़क पर बने ब्रेकर पर तेज रफ्तार बस चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेकाबू बस पहले एक नीम के पेड़ से टकराई और फिर बिजली के खंभे से भिड़ने के बाद पलट गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस में सवार कई लोग अंदर ही फंस गए।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से दबे यात्रियों को निकालने के लिए जेसीबी मशीन तक बुलानी पड़ी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई।इस हादसे में मृतक की पहचान वैशाली जिले के आरा विशुनपुर निवासी मो. असगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बस के नीचे दबने से उनकी हालत बेहद नाजुक हो गई थी। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं, घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अनुमंडलीय अस्पताल और सदर अस्पताल छपरा रेफर किया गया है। डॉक्टरों की टीम घायलों के इलाज में जुटी हुई है।
पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के पीछे बस की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को वजह माना जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वाहन की फिटनेस, चालक की लापरवाही और सड़क की स्थिति में से कौन-कौन से कारण इस दर्दनाक हादसे के लिए जिम्मेदार हैं।एक तरफ जहां बारात में खुशियों की तैयारी थी, वहीं कुछ ही पल में मातम छा गया। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट- धर्मेंद्र कुमार