PATNA - पटना के बाढ़ इलाके से अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक बंदी की हिरासत से छूटकर गंगा नदी में कूद गया। वहीं बंदी को भागते देख चौकीदार भी उसे पकड़ने के लिए नदी में कूद गया। लेकिन नदी की गहराई अधिक होने के कारण वह वापस लौट आया। इसके बाद वहां मौजूद दूसरे सिपाही ने जो किया, उसे जानकर हैरान हो जाएंगे।
यह पूरा मामला बाढ़ इलाके मरांची थाना क्षेत्र से जुड़ा है। जहां बीती रात शराब के नशे में पत्नी और बच्चों से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने अजय कुमार नाम के व्यक्ति को पकड़ा था। आज उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए कोर्ट में पेश किया जाना था। लेकिन कोर्ट बंद होने के कारण एक सिपाही सुनील कुमार और एक चौकीदार रॉबिन कुमार शराबी अजय को हथकड़ी पहनाकर पैदल ही जज के घर जाने लगे। थाने से उन्हें कोई गाड़ी भी मुहैया नहीं कराई गई।
रास्ते में हथकड़ी निकालकर गंगा नदी में कूदा
तीनो जज के घर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में शराबी अजय अपने हाथों की हथकड़ी निकालकर भागने लगे। जब तक दोनों सिपाही और चौकीदार कुछ समझ पाते, वह गंगा नदी में कूद गया। उसे पकड़ने के लिए चौकीदार खुद नदी में कूद गया। लेकिन वह खूद डूबने लगा तो वापस लौट गया। वहीं इस दौरान आरोपी आधा गंगा नदी पार कर गया।
सिपाही ने दिखाया कमाल
चौकीदार के वापस लौटते ही सिपाही सुनील कुमार ने मोर्चा संभाला। उसने अपने कपड़े उतारे और खुद नदी में कूद गया। इस दौरान आरोपी को पकड़ने के लिए एक नाव वाले ने कोशिश की, लेकिन वह कामयाब नहीं हुआ। वहीं आरोपी नदी की दूसरी तरफ पहुंचने वाला था। लेकिन उससे पहले ही सिपाही ने उसे पकड़ लिया। जिसके बाद उसे वापस लाया गया। इस पूरी कार्रवाई में 20 मिनट का समय लगा।
बाढ़ से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट।