Bihar Jobs: 6 हजार से ज्यादा युवाओं ने कराया रजिस्ट्रेशन, 13 कंपनियों ने लगाए रोजगार के स्टॉल, दो दिवसीय रोजगार मेला शुरू

Bihar Jobs: रोजगार मेले में पहले दिन कुल 13 कंपनियां पहुंचीं। कंपनियों की ओर से अलग-अलग पदों के लिए युवाओं का आवेदन और साक्षात्कार लिया गया।

Bihar Jobs
दो दिवसीय रोजगार मेला- फोटो : reporter

Bihar Jobs: दरभंगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गौड़ाबौराम विधानसभा क्षेत्र में दो दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। शनिवार को बिरौल स्थित जनता कोशी महाविद्यालय में आयोजित रोजगार मेले के पहले दिन ही युवाओं की बड़ी भीड़ जुटी। आयोजकों के मुताबिक, 6 हजार से अधिक युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया और विभिन्न कंपनियों की भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया।

रोजगार मेले में पहले दिन कुल 13 कंपनियां पहुंचीं। कंपनियों की ओर से अलग-अलग पदों के लिए युवाओं का आवेदन और साक्षात्कार लिया गया। आयोजकों के अनुसार, चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और पद के आधार पर 12 हजार से 50 हजार रुपये तक के वेतन पैकेज पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

रोजगार मेले का उद्घाटन गौड़ाबौराम विधायक सुजीत कुमार ने किया। कार्यक्रम में बेनीपुर विधायक विनय कुमार चौधरी समेत बड़ी संख्या में युवा और स्थानीय लोग मौजूद रहे। रोजगार मेले को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कई युवा अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्र और जरूरी दस्तावेजों के साथ भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने पहुंचे।

आयोजकों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मदद करना है। रोजगार की तलाश में दूसरे शहरों की ओर जाने वाले युवाओं को अपने क्षेत्र में ही कंपनियों से जोड़ने की कोशिश के तौर पर भी इस आयोजन को देखा जा रहा है।

पहले दिन बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने के बाद रविवार को भी रोजगार मेला जारी रहेगा। दूसरे दिन भी विभिन्न कंपनियों की ओर से युवाओं का रजिस्ट्रेशन, साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया चलने की जानकारी दी गई है।

रोजगार मेले में उमड़ी युवाओं की भीड़ से स्थानीय स्तर पर रोजगार को लेकर उनकी जरूरत और रुचि का भी अंदाजा लगाया जा सकता है। अब अभ्यर्थियों की नजर कंपनियों की चयन प्रक्रिया और अंतिम परिणाम पर है। चयनित युवाओं के लिए यह मेला रोजगार के साथ-साथ अपने क्षेत्र में करियर के नए अवसर तलाशने का जरिया बन सकता है।

रिपोर्ट- वरुण ठाकुर