सुबह-सुबह खूनी खेल! युवक की तलवार से काटकर हत्या, बीच-बचाव में आए पुलिस जवान को मारी गोली; जानें मामला

बताया जा रहा है कि वह छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब चार बजे किसी ने फोन कर सुनील को घर से बाहर बुलाया। घर से कुछ दूरी पर स्थित मंदिर के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर लाठी-डंडों और तलवार से हमला कर दिया।

Darbhanga news
Darbhanga news- फोटो : news4nation

Bihar News : दरभंगा जिले में शुक्रवार तड़के दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ओझौल गांव में बदमाशों ने एक युवक की तलवार और धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। वहीं घटना के दौरान बिहार पुलिस के एक जवान को गोली मार दी गई। घायल जवान को गंभीर हालत में इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।


मृतक की पहचान ओझौल गांव निवासी सुनील सहनी के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान मो. मोबिल के रूप में हुई है, जो बिहार पुलिस में सिपाही है। बताया जा रहा है कि वह छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब चार बजे किसी ने फोन कर सुनील को घर से बाहर बुलाया। घर से कुछ दूरी पर स्थित मंदिर के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर लाठी-डंडों और तलवार से हमला कर दिया। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान मो. मोबिल को भी गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


मृतक के पिता दिलीप सहनी ने बताया कि सुनील कबाड़ खरीदने और बेचने का काम करता था। तीन-चार दिन पहले गांव के कुछ युवकों के साथ उसका विवाद हुआ था। उस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि उसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। गांव में भी तनाव का माहौल है।


घटना की सूचना मिलते ही बहादुरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।


बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसूनजय कुमार ने बताया कि हत्या के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है, हालांकि सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।
विवेक ठाकुर की रिपोर्ट