विधायक की मां के गहने ले उड़े चोर: लाखों की चोरी के बाद पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

दरभंगा के अलीनगर से भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर की मां भारती ठाकुर के साथ चोरी की एक बड़ी वारदात हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने उनकी कार में रखे पर्स से हीरे के गहने और एक कीमती घड़ी उड़ा ली।

BJP MLA Maithili Thakurs Mother Diamond Jewellery and Watch
विधायक की मां के गहने ले उड़े चोर: लाखों की चोरी के बाद पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज - फोटो : news 4 nation

बिहार के दरभंगा जिले के अलीनगर से भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर की मां भारती ठाकुर के साथ चोरी की एक बड़ी वारदात हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने उनकी कार में रखे पर्स से हीरे के गहने और एक कीमती घड़ी उड़ा ली। यह घटना 1 फरवरी की है, जिसके बाद अब पुलिस ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर मामले की छानबीन तेज कर दी है।


बैठक के दौरान हुई वारदात

घटना उस समय हुई जब भारती ठाकुर अपने बेटे के साथ घनश्यामपुर प्रखंड के लालापट्टी गांव में एक सामाजिक बैठक में शामिल होने गई थीं। उन्होंने अपना पर्स सुरक्षा के लिहाज से गाड़ी के अंदर ही छोड़ दिया था। जब वह बैठक समाप्त कर वापस लौटीं, तो गाड़ी की जांच करने पर उनका पर्स गायब मिला, जिससे वहां हड़कंप मच गया।

लाखों के कीमती सामान पर हाथ साफ

चोरों ने भीड़-भाड़ वाले इलाके का फायदा उठाते हुए बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया। गायब हुए पर्स में हीरे के स्टड (ईयररिंग्स), एक ब्रांडेड कीमती घड़ी और अन्य मूल्यवान सामान रखे हुए थे। चोरी हुए इन सामानों की बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। विधायक की मां ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

पुलिस ने शुरू किया अनुसंधान

घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भारती ठाकुर के आवेदन पर कांड अंकित कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि चोरों ने मौके की रेकी की थी और पर्स पर नजर बनाए हुए थे।

हाई-प्रोफाइल मामला और पुलिस का दावा

चूंकि यह मामला अलीनगर की विधायक और प्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर के परिवार से जुड़ा है, इसलिए पुलिस प्रशासन पर काफी दबाव है। यह एक हाई-प्रोफाइल चोरी की घटना मानी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मामले की तह तक जाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों का सहारा ले रहे हैं और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।