दरभंगा में डकैतों की क्रूरता : डॉक्टर की बहू के बाल काटे, हाथ-पैर बांधे और इंजेक्शन देकर किया बेहोश, फिर लूटे लाखों के गहने

दरभंगा जिले में डकैतों ने एक डॉक्टर के घर को निशाने बनाते हुए जमकर उत्पात मचाया है। अपराधियों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए डॉक्टर की 22 वर्षीय बहू को बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट की, फिर आधे घंटे तक पूरे घर को खंगाला....

दरभंगा में डकैतों की क्रूरता : डॉक्टर की बहू के बाल काटे, हा
दरभंगा में डकैतों का आतंक- फोटो : वरुण ठाकुर

Darbhanga : जिले से एक बेहद खौफनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में गुरुवार की देर शाम हथियारबंद डकैतों ने एक स्थानीय चिकित्सक के घर को निशाना बनाया। बदमाशों ने न सिर्फ लाखों की लूटपाट की, बल्कि घर में अकेली मौजूद डॉक्टर की पुत्रवधू को बंधक बनाकर उसके साथ बर्बरता भी की। इस दुस्साहसिक घटना के बाद से पूरे इलाके के ग्रामीणों में भारी दहशत और आक्रोश का माहौल है।


टीवी की आवाज तेज कर महिला को बनाया बंधक

मिली जानकारी के अनुसार, डरहार गांव निवासी होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. पवन मिश्रा के घर में गुरुवार शाम करीब सात बजे छत के रास्ते चार से पांच की संख्या में नकाबपोश बदमाश दाखिल हुए। उस वक्त घर में उनकी छोटी पुत्रवधू करिश्मा देवी (22 वर्ष) अपनी डेढ़ साल की मासूम बच्ची के साथ अकेली थीं। बदमाशों ने अंदर घुसते ही सबसे पहले घर के टेलीविजन (TV) की आवाज को बेहद तेज कर दिया, ताकि महिला की चीख-पुकार या शोर-शराबे की आवाज पड़ोसियों तक न पहुंच सके।


बाल काटे, हाथ-पैर बांधे और इंजेक्शन देकर किया बेहोश

अपराधियों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए 22 वर्षीय करिश्मा देवी को बंधक बना लिया। विरोध करने पर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, उनके बाल काट दिए गए और हाथ-पांव बांधकर उन्हें घर में घसीटा गया। दहशत फैलाने और महिला को शांत करने के लिए बदमाशों ने जबरन उनकी पीठ में किसी अज्ञात दवा का इंजेक्शन लगा दिया, जिससे वह बेहोश हो गईं। स्थानीय मुखिया के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल और अचेत महिला को इलाज के लिए तुरंत दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) में भर्ती कराया गया है।


20 मिनट तक मचाया उत्पात, दो अलमारियां तोड़ीं

पीड़ित परिवार के अनुसार, डकैत करीब 20 मिनट तक घर के तीन कमरों में तांडव मचाते रहे। उन्होंने घर में रखी दो गोदरेज अलमारियों के लॉकर को कटर और अन्य हथियारों के बल पर तोड़ दिया। बदमाश अलमारी में रखे लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और ₹35,000 की नकदी समेटकर बड़े आराम से फरार हो गए। बेहोशी का असर कम होने और परिजनों के पहुंचने के बाद इस बड़ी वारदात का खुलासा हो सका।


FSL की टीम पहुंची, तफ्तीश में जुटी पुलिस

घटना की भयावहता को देखते हुए सदर डीएसपी राजीव कुमार और बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुनजय कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से उंगलियों के निशान (फिंगरप्रिंट्स) और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। थानाध्यक्ष प्रसुनजय कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान के लिए गांव व आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


वरुण ठाकुर की रिपोर्ट