कॉकरोच जनता पार्टी का बिहार एमएलसी चुनाव में इंट्री, डब्बू खान ने दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से दाखिल किया पर्चा

बिहार की राजनीति में कॉकरोच पार्टी की इंट्री हो गई है। दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से कॉकरोच पार्टी के सिंबल पर डब्बू खान चुनाव मैदान में उतर गए है। मंगलवार को उन्होंने अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया.......

कॉकरोच जनता पार्टी का बिहार एमएलसी चुनाव में इंट्री, डब्बू ख
कॉकरोच जनता पार्टी का बिहार एमएलसी चुनाव में इंट्री- फोटो : वरुण ठाकुर

Darbhanga : बिहार के दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी एमएलसी (MLC) चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज हो गई है। पूर्व वार्ड पार्षद सह पूर्व मेयर पति मो. शिवगतुल्लाह उर्फ डब्बू खान ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान वे अपने समर्थकों और गाड़ियों के काफिले में 'कॉकरोच' (Cockroach) का सिंबल लगाकर नामांकन स्थल पहुंचे, जो चर्चा का मुख्य केंद्र बना रहा। डब्बू खान ने इस चुनाव में छात्र, नौजवानों और शिक्षकों की ज्वलंत समस्याओं को अपना प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाने का ऐलान किया है।


बदलाव का समय, शिक्षा व रोजगार पहली प्राथमिकता

नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए डब्बू खान ने कहा कि अब क्षेत्र में बदलाव का समय आ गया है। स्नातक मतदाताओं से जुड़े मुद्दों को विधान परिषद और सार्वजनिक मंचों पर प्रमुखता से उठाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और छात्र-शिक्षक हित से जुड़े सवालों को लेकर वे घर-घर जाकर मतदाताओं से संवाद करेंगे।


'कॉकरोच' सिंबल और विचारधारा पर कही बड़ी बात

'कॉकरोच जनता पार्टी' के अनोखे नाम और सिंबल के सवाल पर डब्बू खान ने कहा, "कॉकरोच आंदोलन के बाद देश की सत्ता तक हिल गई थी और तत्कालीन केन्द्रीय शिक्षा मंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। ये समाज और देश का भविष्य निर्माण करने वाले लोग हैं। आज देश का जो माहौल है, उसमें हर वो युवा, छात्र और नौजवान जो बेरोजगार है, वह कॉकरोच की तरह संघर्ष कर रहा है।" उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभी एक औपचारिक पंजीकृत दल न होकर एक मजबूत विचारधारा बन चुका है।


चुनावी मुकाबला हुआ और दिलचस्प

डब्बू खान के नामांकन दाखिल करने के साथ ही दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनावी मुकाबला और भी ज्यादा दिलचस्प और त्रिकोणीय हो गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों और निर्दलीय उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से आने वाले दिनों में क्षेत्र में चुनाव प्रचार अभियान और तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।


वरुण ठाकुर की रिपोर्ट