Bihar Crime: खनन माफियाओं पर कसा शिंकंजा, दरभंगा में एक ट्रैक्टर और दो हाइवा जब्त, लाखों के जुर्माने की तैयारी से मचा हड़कंप

Bihar Crime: छापेमारी में खनन विभाग की टीम ने एक ट्रैक्टर और दो हाइवा को जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद मिट्टी और बालू के अवैध कारोबार से जुड़े माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

Bihar Crime: खनन माफियाओं पर कसा शिंकंजा, दरभंगा में एक ट्रै
माफियाओं पर जबरदस्त कार्रवाई- फोटो : VARUN

Darbhanga : अवैध खनन के काले कारोबार पर शिकंजा कसते हुए दरभंगा खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। देर रात की गई छापेमारी में खनन विभाग की टीम ने एक ट्रैक्टर और दो हाइवा को जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद मिट्टी और बालू के अवैध कारोबार से जुड़े माफियाओं में हड़कंप मच गया है। विभाग अब जब्त वाहनों पर लाखों रुपये का जुर्माना लगाने और संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है।

जानकारी के अनुसार जमालपुर थाना और एपीएम थाना क्षेत्र में देर रात अवैध खनन का खेल धड़ल्ले से चल रहा था। आरोप है कि नदी क्षेत्र से बड़े पैमाने पर मिट्टी और खनिज संसाधनों का अवैध दोहन किया जा रहा था। इसी दौरान जिला खनन पदाधिकारी घनश्याम झा को गुप्त सूचना मिली कि कई वाहन बिना अनुमति खनिज का उत्खनन और परिवहन कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही खनन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम गठित की और देर रात विभिन्न स्थानों पर लाइव छापेमारी शुरू कर दी। विभागीय टीम को देखते ही अवैध कारोबार में शामिल कई वाहन चालक मौके से फरार हो गए, लेकिन कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर और दो हाइवा को पकड़ लिया गया। कुछ अन्य वाहन अंधेरे और ग्रामीण रास्तों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। खनन विभाग की जांच में पाया गया कि जब्त वाहनों में नदी तल से निकाली गई खनिज सामग्री लदी हुई थी और वाहन चालकों के पास कोई वैध परमिट, चालान या खनन से संबंधित दस्तावेज मौजूद नहीं थे। प्रारंभिक जांच में खनिज एवं खनन (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद तीनों वाहनों को सीज कर दिया गया।

खनन पदाधिकारी घनश्याम झा ने बताया कि अवैध खनन और परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब्त वाहनों के मालिकों और इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है। नियमों के तहत आर्थिक दंड, जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जो भी व्यक्ति या गिरोह प्राकृतिक संसाधनों की लूट में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से यह संदेश साफ है कि अब अवैध खनन के कारोबारियों के लिए दरभंगा में बच निकलना आसान नहीं होगा।

रिपोर्ट- वरुण कुमार ठाकुर