दरभंगा में शादी के दौरान पिस्टल लहराते डांस का वीडियो वायरल, 3 युवक पुलिस हिरासत में

बिहार के दरभंगा (कमतौल) में शादी समारोह के दौरान 6-7 युवकों ने पिस्टल लहराते हुए जमकर उत्पात मचाया और बारातियों से बदसलूकी की। डायल 112 ने 3 युवकों को हिरासत में लिया है।

Darbhanga Wedding Pistol Dance Viral Video grabs
वकों ने पिस्टल लहराते हुए जमकर उत्पात मचाया- फोटो : Reporter

बिहार में पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद शादी ब्याह में और सार्वजानिक जगहों पर हथियार लहराने वाली कुरीति पर लगाम नहीं लग रहा है। ऐसा ही कुछ हुआ है दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र के अंतर्गत छोटकी लाधा मोड़ के पास बीती रात एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त तनाव में बदल गईं, जब 6-7 दबंग युवकों ने वहां जबरन प्रवेश कर उत्पात मचाना शुरू कर दिया। 8 मई की रात आयोजित इस समारोह में घुसे युवकों ने न केवल डीजे पर कब्जा कर लिया, बल्कि सरेआम पिस्टल लहराते हुए डांस भी किया। इस दौरान वहां मौजूद बारातियों और राहगीरों के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी की गई, जिससे उत्सव के माहौल में अफरा-तफरी मच गई।


स्टेज पर हंगामा और दहशत का माहौल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इन युवकों का आतंक यहीं नहीं रुका; उन्होंने सड़क से गुजरने वाले आम लोगों को भी परेशान किया। बेखौफ बदमाश पास में ही चल रहे एक अन्य शादी समारोह के स्टेज तक जा पहुंचे और वहां भी जमकर हंगामा किया। युवकों की इस हरकत से समारोह में मौजूद महिलाओं और बच्चों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने स्थिति बिगड़ती देख तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।


पुलिस की कार्रवाई और तीन युवक हिरासत में

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तुरंत सक्रिय हुई और घटनास्थल पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से तीन उपद्रवी युवकों को पकड़कर कमतौल थाना के हवाले कर दिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी ने पुष्टि की है कि तीन संदिग्ध फिलहाल हिरासत में हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तलाशी के दौरान युवकों के पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को अब भी लिखित आवेदन का इंतजार है।


सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, सुरक्षा पर सवाल

भले ही पुलिस हथियार मिलने से इनकार कर रही हो, लेकिन घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक स्पष्ट रूप से पिस्टल लहराते हुए नाचते और कानून की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं। इस वायरल वीडियो ने इलाके की कानून-व्यवस्था और अपराधियों के मन में पुलिस के खौफ पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग अब 'सम्राट सरकार' में बदमाशों के इस तरह बेखौफ होकर घूमने और शस्त्र प्रदर्शन करने पर नाराजगी जता रहे हैं।

रिपोर्ट - वरुण ठाकुर