सिलाई सिखाने के बहाने 70 हजार में बेच दी आबरू, दो बेटियां लापता, एक रेड लाइट एरिया से लौटी पर दूसरी का पता नहीं

दरभंगा की दो किशोरियों को सिलाई के बहाने बंगाल के रेड लाइट एरिया में बेच दिया गया। एक मासूम रेस्क्यू होकर घर लौटी, लेकिन दूसरी का अब तक पता नहीं। पुलिस की जांच पर उठ रहे हैं बड़े सवाल।

सिलाई सिखाने के बहाने 70 हजार में बेच दी आबरू, दो बेटियां ला

N4N Desk - : बिहार में मानव तस्करी के एक रोंगटे खड़े कर देने वाले सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। दरभंगा के भालपट्टी थाना क्षेत्र से साल की शुरुआत में गायब हुई दो किशोरियों की कहानी सुनकर किसी का भी दिल पसीज जाए। जिस बेटी को सिलाई का काम सिखाने के बहाने ले जाया गया, उसे पश्चिम बंगाल के रेड लाइट एरिया में 'नीलाम' कर दिया गया।

दरभंगा से बंगाल तक बिछा था तस्करी का जाल

घटना 13 जनवरी 2025 की है, जब दो किशोरियां अचानक गायब हो गईं। 18 जनवरी को प्राथमिकी दर्ज हुई, लेकिन पुलिस की सुस्ती का फायदा उठाकर तस्करों ने उन्हें मुजफ्फरपुर और मोतिहारी के रास्ते पश्चिम बंगाल पहुंचा दिया। मोतिहारी में एक महिला ने एक किशोरी का सौदा पूर्णिया के मो. सैफुद्दीन से महज 70 हजार रुपये में कर दिया। सैफुद्दीन ने उसे उत्तर दीनाजपुर (पश्चिम बंगाल) के पंजिपारा रेड लाइट एरिया ले जाकर मोटी रकम में बेच दिया।

बंगाल पुलिस ने किया रेस्क्यू, बिहार पुलिस अब भी 'रिमांड' के इंतजार में

15 सितंबर 2025 को बंगाल की गोलपोखर पुलिस ने छापेमारी कर पटना, यूपी और भालपट्टी (दरभंगा) की तीन किशोरियों को नर्क से निकाला। इस मामले में पुलिस ने  पंजिपारा की हाफिजा खातून, मो. शाहजंहा, मो. सज्जाद (किशनगंज), मो. सैफुद्दीन (पूर्णिया) को गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ कांड संख्या 535 के तहत मानव तस्करी, पॉक्सो और अपहरण की गंभीर धाराओं में केस दर्ज है।

एक तो लौट आई, पर दूसरी कहां है?

16 अक्टूबर 2025 को एक किशोरी तो बाल कल्याण समिति की मदद से अपने घर पहुंच गई, लेकिन दूसरी किशोरी अब भी लापता है। पीड़ित परिवार पिछले कई महीनों से दर-दर की ठोकरें खा रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि दरभंगा पुलिस ने अब तक बंगाल में गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेने की जहमत तक नहीं उठाई, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।

क्या कहती है पुलिस?

इस मामले पर भालपट्टी थानाध्यक्ष धर्मानंद कुमार का कहना है कि अनुसंधान जारी है। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अनुसंधानक ज्योति कुमारी को जल्द ही बंगाल भेजा जाएगा ताकि आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा सके और दूसरी लापता लड़की का सुराग लगाया जा सके।