Darbhanga Student Protest: दरभंगा में छात्रों के प्रदर्शन के बाद भारी बवाल, पुलिस पर पथराव के बाद लाठीचार्ज
Darbhanga Student Protest Update: दरभंगा के लोहिया चौक पर छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। पुलिस पर पथराव के बाद लाठीचार्ज हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए DIG, DM और SSP समेत भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद है।
दरभंगा के लोहिया चौक पर छात्रों और अभ्यर्थियों का प्रदर्शन उस समय बेकाबू हो गया जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में जुटे प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित यह प्रदर्शन कार्यक्रम समाप्त होने ही वाला था कि अचानक माहौल बिगड़ गया और शांतिपूर्ण दिख रहा आंदोलन देखते ही देखते हंगामे और उपद्रव में बदल गया।
पुलिस पर भारी पथराव, लाठीचार्ज के बाद रणक्षेत्र बना लोहिया चौक
प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित अभ्यर्थियों और असमाजिक तत्वों ने पुलिस बल को निशाना बनाते हुए जमकर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को भी जवाब में कड़ी कार्रवाई करते हुए लाठीचार्ज करना पड़ा। लाठीचार्ज और पथराव के बीच लोहिया चौक पूरी तरह से रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर पहुंचे उच्च अधिकारी, भारी पुलिस बल तैनात
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले के आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। डीआईजी (DIG) मनोज कुमार तिवारी, जिलाधिकारी (DM) कौशल कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) जगुनाथ रेड्डी जे. भारी पुलिस बल और दंगा रोधी दस्ते के साथ लोहिया चौक पर मुस्तैद हो गए हैं। प्रशासन स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है।
स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में, उपद्रवियों पर कार्रवाई की तैयारी
फिलहाल लोहिया चौक और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल की तैनाती के कारण स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तनाव बरकरार है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और पुलिस पर हमला करने वाले उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा। सीसीटीवी (CCTV) और वीडियो फुटेज के आधार पर पथराव करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दरभंगा से वरुण ठाकुर की रिपोर्ट